भिलाई: कुम्हारी थाना क्षेत्र में अज्ञात महिला का शव बरामद, 3-4 दिन पुरानी होने की आशंका,पुलिस जांच में जुटी,शिनाख्त के प्रयास तेज…

भिलाई। कुम्हारी थाना क्षेत्र के अंतर्गत परसदा गांव में कैवल्य धाम के पीछे स्थित खेत में एक महिला की सड़ी-गली लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। मौके पर कुम्हारी पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम पहुंची और जांच शुरू की गई।

3 से 4 दिन पुरानी बताई जा रही लाश

फॉरेंसिक टीम की प्रारंभिक जांच में महिला का शव करीब 3 से 4 दिन पुराना बताया जा रहा है। महिला की उम्र लगभग 40 से 45 वर्ष के बीच आंकी गई है। शव काफी हद तक सड़ चुका है, जिससे पहचान करना मुश्किल हो रहा है।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

पुलिस ने घटनास्थल पर पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को मेडिकल कॉलेज पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल महिला की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने दुर्ग और रायपुर जिले के विभिन्न थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों से मिलान शुरू कर दिया है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। साथ ही स्थानीय ग्रामीणों से पूछताछ कर महिला की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

हर पहलू पर जांच जारी – थाना प्रभारी

कुम्हारी थाना प्रभारी पुरुषोत्तम कुर्रे ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। मर्ग कायम कर विवेचना की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है।

इस घटना के बाद से क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस को जल्द महिला की पहचान होने की उम्मीद है।