भिलाई : मां के इलाज और पूजा-पाठ के नाम पर अंधविश्वास का फायदा उठाते हुए ठगों ने एक दुकानदार से लाखों रुपये और सोने के आभूषण ठग लिए। इस सनसनीखेज ठगी मामले में छावनी पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 3(5) एवं 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।
सिंधी कॉलोनी, स्टेशन रोड दुर्ग निवासी प्रार्थी संजय अठवानी ने 21 जनवरी 2026 को छावनी थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई। प्रार्थी ने पुलिस को बताया कि उसकी धमधा नाका, दुर्ग में संजय सायकल स्टोर्स नाम से दुकान है। करीब 15 दिन पूर्व दो अज्ञात व्यक्ति साइकिल देखने के बहाने दुकान पहुंचे और बातचीत के दौरान मोबाइल नंबर ले लिया। उनमें से एक ने अपना नाम राजू बताया और बाद में संपर्क करने की बात कही।

कुछ दिनों बाद राजू ने फोन कर प्रार्थी को यह कहकर विश्वास में लिया कि उसे उसकी मां की तबीयत खराब होने की जानकारी है और पूजा-पाठ से इलाज संभव है। लगातार बातचीत के बाद 16 जनवरी 2026 को आरोपितों ने प्रार्थी को पावर हाउस फल मार्केट के पास बुलाया, जहां एक महिला भी मौजूद थी। देवी पूजा के नाम पर नारियल और 1100 रुपये लिए गए।




इसके बाद आरोपितों ने दावा किया कि मां को पूरी तरह ठीक करने के लिए घर के मंदिर में सोने के आभूषण और नकद राशि रखनी होगी। तय योजना के तहत 20 जनवरी 2026 को दोपहर करीब 2.30 बजे प्रार्थी को रेलवे स्टेशन, पावर हाउस भिलाई के पास बुलाया गया।

प्रार्थी अपनी कार क्रमांक CG-07 BS-0514 से मौके पर पहुंचा और अपनी मां के चार सोने के कंगन (कुल 60 ग्राम, अनुमानित कीमत लगभग 5 लाख रुपये) तथा नकद 8,82,300 रुपये आरोपितों को सौंप दिए। आरोपितों ने शाम को घर आकर पूजा करने की बात कही, लेकिन वे नहीं आए। बाद में दिए गए मोबाइल नंबर बंद मिलने पर ठगी का अहसास हुआ।
आरोपितों द्वारा कुल 13,82,300 रुपये की ठगी की गई है। मामले की जानकारी स्वजनों को देने के बाद प्रार्थी ने थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट के आधार पर छावनी पुलिस ने मोबाइल नंबर 8055722514 के धारक एवं उसके अन्य साथियों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस द्वारा आरोपितों की तलाश और मामले की विस्तृत जांच जारी है।







































