दुर्ग में कांग्रेस की पूर्व पार्षद प्रत्याशी ने खुद को लगाई आग,95% झुलसी,सामने आई बड़ी वजह…

पीड़िता की पहचान शबाना निशा उर्फ रानी (37 वर्ष) के रूप में हुई है, जो पचरीपारा में किराए के मकान में निवासरत थीं। परिजनों के अनुसार शबाना निशा चाहती थीं कि जिस मकान में वह रह रही थीं, उसे मकान मालिक उन्हें बेच दे, ताकि वह वहीं निवास कर सकें। हालांकि मकान मालिक इसके लिए सहमत नहीं हुआ। इसके पश्चात न्यायालय द्वारा मकान खाली कराने का आदेश जारी किया गया था।

कोर्ट के आदेश के तहत जब पुलिस और कोर्ट स्टाफ मौके पर पहुँचा, उसी दौरान शबाना निशा ने आत्महत्या की नीयत से अपने ऊपर मिट्टी तेल डालकर आग लगा ली। इस घटना में वह लगभग 95 प्रतिशत तक झुलस गईं।

घटना के तुरंत बाद पुलिस व स्थानीय लोगों की मदद से पीड़िता को उपचार हेतु जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें रायपुर स्थित डीकेएस अस्पताल रेफर किया गया है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

उल्लेखनीय है कि शबाना निशा का राजनीतिक जीवन भी रहा है। वह पिछले दुर्ग नगर निगम चुनाव में वार्ड क्रमांक 28, पचरीपारा से कांग्रेस के टिकट पर पार्षद पद की प्रत्याशी रह चुकी हैं।

राजनीतिक पृष्ठभूमि और गंभीर स्थिति
जानकारी के अनुसार, शबाना निशा दुर्ग नगर निगम चुनाव में वार्ड क्रमांक 28, पचरीपारा से कांग्रेस के टिकट पर पार्षद पद का चुनाव भी लड़ चुकी है। यह घटना शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है। आत्मदाह के प्रयास में बुरी तरह झुलसने के बाद, पीड़िता को रायपुर के डीकेएस अस्पताल में स्थानांतरित किया गया है। डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताई है और वह जीवन-मृत्यु से जूझ रही है। इस घटना ने किराएदारों के अधिकारों और मकान मालिकों के साथ उनके विवादों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन और स्थानीय नेताओं ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है और पीड़िता के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस द्वारा घटना के संबंध में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया की जा रही है तथा मामले की जांच जारी है।