अरविंद केजरीवाल के सफल गवर्नेंस मॉडल से प्रभावित होकर भिलाई नगर निगम के वार्ड 32, बैकुंठधाम जेपी नगर (वैशाली नगर विधानसभा ) के 35 नागरिकों ने ग्रहण की 'आप' की सदस्यता ।
भिलाई। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक श्री अरविंद केजरीवाल के सफल गवर्नेंस मॉडल और जनहितैषी नीतियों से प्रभावित होकर आज वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत नगर पालिका निगम भिलाई के वार्ड 32, बैकुंठधाम जेपी नगर में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में राजा धृतलहरे के नेतृत्व में 35 स्थानीय वार्डवासियों ने आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
कार्यक्रम का सफल संचालन करते हुए लोकसभा महासचिव ज्ञान प्रकाश तिवारी ने आम आदमी पार्टी द्वारा समाज के विभिन्न वर्गों के उत्थान हेतु किए जा रहे जनहित कार्यों और आगामी कार्ययोजनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि भिलाई नगर निगम क्षेत्र से लगातार बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक आम आदमी पार्टी की विचारधारा से जुड़ने के लिए संपर्क कर रहे हैं। कार्यक्रम का समन्वय कर रहे ब्लॉक अध्यक्ष पुरुषोत्तम सिंह राजपूत ने नव-नियुक्त सदस्यों का उत्साहवर्धन करते हुए क्षेत्र की स्थानीय समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु हर संभव कदम उठाने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित वरिष्ठ 'आप' नेता देविंदर सिंह भाटिया ने राजा धृतलहरे और सभी नए सदस्यों का पार्टी में स्वागत किया। उन्होंने वार्ड के समग्र विकास का संकल्प लेने का आह्वान करते हुए कहा कि आगामी चुनाव में मतदाता अपना पैमाना तय करें। उन्होंने विगत 5 वर्षों से व्याप्त पेयजल संकट, जर्जर सड़कें, डस्टबिन बनाम जाम नालियों की समस्या, खराब सार्वजनिक शौचालय, गंदे तालाब, सरकारी स्कूलों व अस्पतालों की बदहाली तथा सार्वजनिक स्थानों पर खुले में मदिरा सेवन जैसी गंभीर जनसमस्याओं को ध्यान में रखकर मतदान करने की अपील की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लोकसभा अध्यक्ष श्रीमती गीतेश्वरी बघेल ने वर्तमान व्यवस्था की विफलताओं को उजागर करते हुए कहा कि सरकार अपनी योजनाओं को ईमानदारी से धरातल पर लागू करने में असमर्थ रही है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि आगामी चुनाव में आम आदमी पार्टी की जीत होने पर 'केजरीवाल मॉडल' की तर्ज पर सभी विकास कार्यों को योजनाबद्ध और पारदर्शी तरीके से पूरा किया जाएगा। साथ ही, उन्होंने समाज के ईमानदार और शिक्षित वर्ग से राजनीति में आगे आकर आम आदमी पार्टी से जुड़ने का आह्वान किया।
इस सदस्यता कार्यक्रम में मुख्य रूप से लोकसभा उपाध्यक्ष शिव रायडू, ब्लॉक अध्यक्ष दिनेश यादव, चुम्मन लाल साहू सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। क्षेत्र में आम आदमी पार्टी के लगातार बढ़ते जनाधार और कारवां से स्थानीय राजनीतिक दलों में हलचल तेज हो गई है।
देश और दुनिया की हर बड़ी खबर का तुरंत अपडेट पाने के लिए नोटिफिकेशन ऑन करें।