भिलाई। सुपेला थाना क्षेत्र के आकाशगंगा स्थित हिमालय कॉम्प्लेक्स में शनिवार शाम 20 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान निहाल सिंह के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक ने घटना से कुछ समय पहले ही एक मोबाइल दुकान से किश्तों पर iPhone खरीदा था। मोबाइल खरीदने के बाद उसके फोन पर किसी व्यक्ति का कॉल आया था। बातचीत के बाद वह परेशान नजर आया और कुछ ही देर बाद उसने कॉम्प्लेक्स के बेसमेंट स्थित सार्वजनिक शौचालय में फांसी लगा ली। घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, निहाल सिंह शनिवार को आकाशगंगा स्थित हिमालय कॉम्प्लेक्स पहुंचा था। यहां उसने एक मोबाइल दुकान से किश्तों पर iPhone खरीदने की प्रक्रिया पूरी की। दुकान संचालक के मुताबिक, मोबाइल खरीदने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद युवक के मोबाइल पर किसी का फोन आया था। बताया जा रहा है कि फोन पर सोशल मीडिया से संबंधित किसी विषय को लेकर बातचीत हुई। बातचीत के दौरान युवक के व्यवहार में बदलाव नजर आया और वह कुछ देर बाद दुकान से बाहर निकल गया।
इसके बाद निहाल कॉम्प्लेक्स के बेसमेंट में स्थित सार्वजनिक शौचालय की ओर चला गया। कुछ समय बाद वहां युवक के फांसी लगाने की जानकारी सामने आई। बताया गया कि उसने शौचालय की खिड़की के सहारे गमछे का फंदा बनाया था।
घटना की जानकारी मिलते ही कॉम्प्लेक्स में मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर सुपेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को नीचे उतरवाया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के शवगृह भेजा गया।
पुलिस ने घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दी। फिलहाल आत्महत्या के पीछे का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस युवक के मोबाइल फोन, घटना से पहले हुई बातचीत और अन्य संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। जांच के बाद ही आत्महत्या के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि iPhone खरीदने के तुरंत बाद युवक को किसका फोन आया था और बातचीत में किन मुद्दों पर चर्चा हुई थी। फिलहाल पुलिस ने मामले से जुड़े सभी पहलुओं को जांच के दायरे में रखा है।
देश और दुनिया की हर बड़ी खबर का तुरंत अपडेट पाने के लिए नोटिफिकेशन ऑन करें।