सोनू सूद का भिलाई में मेगा एंट्री, 27 जून को सेवा और समाजसेवा का होगा महाकुंभ
भिलाई। दुर्ग-भिलाई क्षेत्र के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। बॉलीवुड अभिनेता एवं देशभर में अपनी समाजसेवा के लिए पहचान बना चुके सोनू सूद 27 जून 2026 को भिलाई पहुंचेंगे। उनके आगमन को लेकर सामाजिक कार्यकर्ताओं और युवाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
सोनू सूद चैरिटी क्लब भिलाई द्वारा आयोजित SSCC Annual Meet 2026 की तारीख की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है, जिसमें सोनू सूद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
क्लब की हेड दीक्षा नागदेवे ने बताया कि यह आयोजन केवल एक वार्षिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के प्रति सेवा, सहयोग और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का एक बड़ा अभियान है। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और सेवा भावना रखने वाले लोगों को एक मंच पर लाकर समाजहित में बेहतर कार्यों के लिए प्रेरित करना है।
उन्होंने बताया कि सोनू सूद चैरिटी क्लब भिलाई पिछले दो वर्षों से दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में जरूरतमंदों, गरीबों और वंचित वर्गों की सहायता के लिए लगातार कार्य कर रहा है। क्लब द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, राहत सहायता और सामाजिक जागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का संचालन किया जा रहा है। यह संगठन अभिनेता सोनू सूद द्वारा संचालित सूद चैरिटी फाउंडेशन की प्रेरणा से कार्य कर रहा है और समाज के अंतिम व्यक्ति तक मदद पहुंचाने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहा है।
कार्यक्रम के दौरान सोनू सूद युवाओं को समाजसेवा और जनहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करेंगे। साथ ही वे समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए सहयोग, संवेदनशीलता और सहभागिता का संदेश भी देंगे। आयोजन के दौरान उनके नागसेन हायर सेकेंडरी स्कूल के प्रस्तावित दौरे की भी योजना बनाई गई है, जहां वे विद्यार्थियों और शिक्षकों से संवाद कर सकते हैं।
SSCC Annual Meet 2026 को सफल बनाने के लिए क्लब की 60 से अधिक सदस्यों की टीम तैयारियों में जुटी हुई है। आयोजन की व्यवस्थाओं और सामाजिक गतिविधियों के समन्वय में जिलेश चावड़ा, गुरजीत सिंह, गिरीश खपर्डे, एल.बी. वर्मा, डिंपल चावला, दीपक भारता, तुषार चव्हाण, रविंद्र देवांगन, चेतन चव्हाण, सनोज चौधरी, दीपक जैन, जगतेश्वर दुबे और विकास जायसवाल सहित कई सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
आयोजन समिति ने सामाजिक संस्थाओं, व्यवसायिक प्रतिष्ठानों और सेवा कार्यों से जुड़े लोगों से इस ऐतिहासिक आयोजन में सहभागिता निभाने की अपील की है। समिति का मानना है कि सोनू सूद की उपस्थिति न केवल युवाओं को प्रेरित करेगी, बल्कि समाजसेवा के क्षेत्र में कार्य कर रहे लोगों को भी नई ऊर्जा और दिशा प्रदान करेगी। 27 जून को होने वाला यह आयोजन भिलाई में सेवा, समर्पण और सामाजिक जागरूकता का एक बड़ा मंच बनने जा रहा है।











