‘NudeParty’ मामले में पुलिस का एक्शन, 2 लोगों को पुलिस ने किया गिरफ्तार,कर रही पूछताछ

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक विवादित पोस्टर ने हड़कंप मचा दिया है। पोस्ट में न्यूड पार्टी का जिक्र किया है जिसमें आने वाले लड़के-लड़कियों को शराब लेकर बिना कपड़़े के बुलाए हैं। इसे लेकर एक ओर जहां शहर में खलबली मच गई है। कांग्रेस ने इस आयोजन को लेकर खुलकर ​विरोध करना शुरू कर दिया है।

वायरल पोस्टर में पार्टी को अलग-अलग नामों से प्रचारित किया गया है। इसमें दावा किया गया है कि पार्टी में पूल पार्टी, ड्रग्स और अन्य आपत्तिजनक गतिविधियां होंगी। सोशल मीडिया पर वायरल होते ही इस पोस्ट ने लोगों को चौंका दिया। कांग्रेस ने इस तरह के आयोजन का कड़ा विरोध जताया है। उन्होंने कहा कि रायपुर में इस प्रकार की अश्लील पार्टियों को किसी भी हाल में आयोजित नहीं होने दिया जाएगा और वे खुलकर इसका विरोध करेंगे।

अब इस मामले में पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, इस मामले से जुड़े दो युवक आज अपनी सफाई देने रायपुर एसएसपी कार्यालय पहुंचे थे। इस दौरान पुलिस ने दोनों को हिरासत में लिया है। फिलहाल दोनों से क्राइम ब्रांच ऑफिस में गहन पूछताछ की जा रही है।

अलग-अलग नामों से प्रचारित हुआ पोस्टर
बता दें कि मेटा के सोशल मीडिया प्लेटफार्म इंस्टाग्राम पर @sinful_writer1 नामक अकाउंट से न्यूड पार्टी का आपत्तिजनक विज्ञापन जारी किया गया है। इन पोस्टरों में पार्टी का प्रचार अलग-अलग नामों से किया गया है। इनमें ‘न्यूड पार्टी’ और ‘स्ट्रेंजर हाउस पार्टी’ (Stranger House Party) शामिल हैं। स्ट्रेंजर हाउस पार्टी की तारीख 21 सितंबर बताई गई है और उसमें प्रतिभागियों से खुद की शराब लाने के लिए कहा गया है। हालांकि, पार्टी का स्थान और आयोजकों के नाम अब तक सामने नहीं आए हैं।

गृहमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ने दी प्रतिक्रिया
मामले पर छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि हमारा देश संतों और परंपराओं का देश है। गंगा-यमुना जैसी पवित्र नदियों की धरती पर इस तरह के आयोजन पूरी तरह से अस्वीकार्य हैं। वहीं, गृहमंत्री और डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा कि यदि कोई इस तरह का आयोजन करने की कोशिश करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस की जांच जारी
एसएसपी लाल उमेद सिंह ने पहले ही साफ कर दिया था कि रायपुर पुलिस ऐसे आयोजनों की अनुमति किसी भी हाल में नहीं देगी। अब, दो युवकों की गिरफ्तारी के बाद जांच और भी तेज हो गई है। क्राइम ब्रांच की टीम वायरल पोस्टर से जुड़े सभी डिजिटल अकाउंट्स की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस मामले की पूरी सच्चाई सामने आ जाएगी और जिम्मेदार लोगों पर कानूनी कार्रवाई होगी।

लोगों में खलबली, सोशल मीडिया पर चर्चा

वायरल पोस्टर के बाद रायपुर शहर में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। सोशल मीडिया पर लोग इस घटना को लेकर नाराजगी जाहिर कर रहे हैं और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। अब सबकी निगाहें पुलिस की जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे साफ हो सकेगा कि यह वास्तव में किसी अश्लील पार्टी का आयोजन था या केवल सोशल मीडिया पर सनसनी फैलाने की कोशिश।