लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की पुण्यतिथि पर दुर्ग कांग्रेसजनों ने श्रद्धापूर्वक किया स्मरण

लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की पुण्यतिथि पर दुर्ग कांग्रेसजनों ने श्रद्धापूर्वक किया स्मरण

दुर्ग। देश की एकता और अखंडता के महान शिल्पकार, लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी की पुण्यतिथि के अवसर पर आज शहर जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग द्वारा पटेल चौक स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धापूर्वक पुष्पांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर कांग्रेसजनों ने सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए अतुलनीय योगदान को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मध्य ब्लॉक कांग्रेस कमेटी दुर्ग के अध्यक्ष श्री अलताफ अहमद ने कहा कि “सरदार वल्लभभाई पटेल जी ने आज़ादी के बाद बिखरे हुए भारत को एक सशक्त राष्ट्र के रूप में संगठित करने का ऐतिहासिक कार्य किया। देशी रियासतों का विलय कर उन्होंने मजबूत भारत की नींव रखी। उनका जीवन दृढ़ संकल्प, साहस और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है, जिससे आज की पीढ़ी को प्रेरणा लेने की आवश्यकता है।”

नगर निगम दुर्ग के नेता प्रतिपक्ष श्री संजय कोहले ने अपने उद्बोधन में कहा कि “सरदार पटेल जी का योगदान केवल इतिहास तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके विचार आज भी देश को दिशा देने वाले हैं। उन्होंने संविधान, लोकतंत्र और राष्ट्रीय एकता को सर्वोपरि रखा। आज जब देश को आपसी सौहार्द और एकजुटता की आवश्यकता है, तब सरदार पटेल के आदर्श और भी अधिक प्रासंगिक हो गए हैं। कांग्रेस पार्टी सदैव उनके मूल्यों की रक्षा और देश को जोड़ने की राजनीति करती रही है।”

इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग के प्रवक्ता श्री सुशील भारद्वाज ने कहा कि “सरदार वल्लभभाई पटेल केवल लौह पुरुष नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, सुशासन और प्रशासनिक क्षमता के प्रतीक थे। युवाओं को उनके जीवन से अनुशासन, कर्मठता और राष्ट्र के प्रति निष्ठा की सीख लेनी चाहिए। कांग्रेस पार्टी उनके विचारों को आत्मसात करते हुए लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी।”

कार्यक्रम में पूर्व पार्षद श्री भोला महोबिया, श्री शिव वैष्णव, श्री चंद्रशेखर पारख सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे। सभी ने सरदार पटेल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।