भिलाई स्टील प्लांट में सोमवार देर रात एक बड़ा हादसा सामने आया है। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के भिलाई स्टील प्लांट स्थित स्टील मेल्टिंग शॉप-2 (एसएमएस-2) के हॉट मेटल प्रोडक्शन एरिया में भीषण आग लग गई। घटना से प्लांट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
आग की सूचना मिलते ही बीएसपी की फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस हादसे में करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि आग लगने से प्रोडक्शन साइड के केबल में आग लग गई, जिससे पूरे क्षेत्र की बिजली सप्लाई बाधित हो गई। इसके साथ ही कर्मचारियों के लिए बनाए गए लॉकर भी आग की चपेट में आ गए, जिसमें रखा सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया। आग बुझाने के दौरान कई लॉकरों को तोड़ना भी पड़ा।




जानकारी के अनुसार, एसएमएस-2 के तीनों कन्वर्टर इस घटना से प्रभावित हुए हैं। मौके पर जमीन पर बिखरे हॉट मेटल को देखकर आशंका जताई जा रही है कि कन्वर्टर से हॉट मेटल गिरने के कारण आग लगी, जिससे यह हादसा हुआ।

घटना के समय कर्मचारियों में दहशत फैल गई और कुछ देर के लिए कार्य प्रभावित रहा। फिलहाल प्रोडक्शन साइड को नुकसान पहुंचा है, जबकि बीएसपी प्रबंधन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है। आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है।











































