भिलाई में 24 घंटे में दो मौतें: सड़क किनारे मिला युवक का शव, हमले के घायल ने अस्पताल में तोड़ा दम
भिलाई। शहर में पिछले 24 घंटे के भीतर हुई दो अलग-अलग घटनाओं में दो युवकों की मौत से सनसनी फैल गई है। एक ओर जामुल थाना क्षेत्र में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में सड़क किनारे मिला, वहीं दूसरी ओर नेवई थाना क्षेत्र में एक सप्ताह पहले हुए जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दोनों मामलों की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।
राजधानी बार के पास मिला युवक का शव
जानकारी के अनुसार, जामुल थाना क्षेत्र स्थित राजधानी बार के पास बुधवार देर रात एक युवक का शव सड़क किनारे पड़ा मिला। मृतक की पहचान सोनू कुर्रे (38 वर्ष) निवासी गौतम नगर, सुपेला के रूप में हुई है, जो मूल रूप से कोहका क्षेत्र का रहने वाला था। सूचना मिलने पर जामुल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
प्रारंभिक जांच में मृतक की पीठ पर खरोंच के निशान पाए गए हैं। पुलिस को आशंका है कि नशे की हालत में गिरने से उसे चोट लगी होगी, जिससे उसकी मौत हुई हो सकती है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
स्थानीय लोगों और परिजनों के अनुसार, सोनू नशे का आदी था। उसकी इसी आदत के कारण पत्नी और बच्चे उससे अलग रहते थे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर रिपोर्ट सुरक्षित रख ली है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
जानलेवा हमला बना हत्या का मामला
दूसरी घटना नेवई थाना क्षेत्र की है, जहां 27 मई को हुए जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल मुकेश टोडर ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मुकेश की मौत के बाद अब यह मामला हत्या में बदल गया है और पुलिस आरोपी के खिलाफ हत्या की धाराएं जोड़ने की तैयारी कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, 27 मई की सुबह करीब 6 बजे मुकेश टोडर अपने घर के सामने मोटरसाइकिल पर बैठा हुआ था। इसी दौरान उसका पड़ोसी मनीष कुमार कोसरे लोहे का सब्बल लेकर वहां पहुंचा और कथित रूप से जान से मारने की धमकी देते हुए उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
आरोप है कि मनीष ने मुकेश के सिर पर 10 से 12 बार वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गया। चीख-पुकार सुनकर उसकी मां कुमारी टोडर, पत्नी साधना टोडर और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों को आता देख आरोपी वहां से फरार हो गया।
एक सप्ताह तक चली जिंदगी की जंग
घायल मुकेश को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए भिलाई के स्पर्श हॉस्पिटल के आईसीयू में भर्ती किया गया। लगभग एक सप्ताह तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद 3 जून को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद नेवई पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की थी। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने लगातार दबिश देकर आरोपी मनीष कुमार कोसरे (29 वर्ष) निवासी विजय चौक, स्टेशन मरोदा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लोहे का सब्बल भी बरामद कर लिया। आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
अब मुकेश की मौत के बाद पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आरोपी के खिलाफ हत्या समेत अन्य गंभीर धाराएं जोड़ने की कार्रवाई कर रही है। दोनों घटनाओं ने शहर में चर्चा का विषय बना दिया है और पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी हुई है।












