जेल से रिहा होने के कुछ दिन बाद पूर्व कांग्रेस नेता नवाज अली ने की आत्महत्या, फंदे पर लटका मिला शव
कोदागांव। शहर में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब पूर्व कांग्रेस नेता नवाज अली का शव संजय नगर स्थित गौठान परिसर में फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की और मामले की जांच में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नवाज अली हाल ही में जेल से रिहा होकर घर लौटे थे। कुछ माह पूर्व कोदागांव क्षेत्र में हुए एक भीषण सड़क हादसे में उन पर पंचायत सचिव को कार से टक्कर मारने का आरोप लगा था। हादसे में गंभीर रूप से घायल पंचायत सचिव को तत्काल अस्पताल ले जाया गया था, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। मामले में पुलिस ने नवाज अली के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
बताया जा रहा है कि जेल से रिहा होने के बाद नवाज अली मानसिक तनाव में थे। हालांकि आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। घटनास्थल से पुलिस को कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे आत्महत्या के कारणों को लेकर स्थिति अभी साफ नहीं है।
मंगलवार सुबह गौठान परिसर में लोगों ने उनका शव फंदे से लटका देखा, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर रही है तथा सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है।
फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के कारणों और परिस्थितियों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और चर्चा का माहौल है।











