अवैध गांजा तस्करी के विरुद्ध दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई।,नशा के विरुद्ध ऑपरेशन विश्वास के तहत दुर्ग पुलिस की कार्यवाही
क्रेटा कार के चारों दरवाजों में विशेष रूप से बनाए गए गुप्त चेंबर से 14.5 किलो गांजा बरामद,तस्करों ने दरवाजों के अंदर गांजा छिपाकर ऊपर से फाइबर शीट चिपकाई थी, जिससे खुली आंखों से दिखाई नहीं देता था।
पुलिस की सतर्कता एवं बारीकी से की गई जांच में तस्करों की हाईटेक तस्करी का तरीका हुआ बेनकाब।
दो आरोपियों को गिरफ्तार कर गांजा, क्रेटा वाहन, नगदी एवं मोबाइल जप्त; एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई
दुर्ग पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि उड़ीसा राज्य की ओर से एक क्रेटा वाहन में अवैध गांजा परिवहन कर महासमुंद, रायपुर होते हुए दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में बिक्री हेतु लाया जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना कुम्हारी एवं एसीसीयू/क्राइम टीम दुर्ग द्वारा संयुक्त रूप से घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन की तलाश की जा रही थी इसी दौरान कुम्हारी ओवरब्रिज के नीचे वाहन चेकिंग के समय रायपुर की ओर से आती हुई क्रेटा कार क्रमांक सीजी 04 एच एक्स 6908 को रोककर जांच की गई।
प्रारंभिक निरीक्षण में वाहन से गांजे की गंध आने पर पुलिस टीम द्वारा अत्यंत सूक्ष्मता एवं बारीकी से वाहन की तलाशी ली गई तलाशी के दौरान यह तथ्य सामने आया कि तस्करों ने वाहन के चारों दरवाजों के अंदर स्थित खाली स्थान को विशेष रूप से गुप्त चेंबर के रूप में तैयार कर रखा था। इन चेंबरों में गांजा छिपाकर रखा गया था तथा ऊपर से फाइबर की परत चिपका दी गई थी, जिससे सामान्य निरीक्षण अथवा खुली आंखों से देखने पर गांजा दिखाई नहीं देता था। पुलिस टीम ने अपनी सूझबूझ, अनुभव एवं बारीकी से की गई जांच के आधार पर इन गुप्त चेंबरों का पता लगाकर उनमें छिपाकर रखा गया कुल 14.5 किलोग्राम गांजा कीमती कुल 7,25,000/- रू0 बरामद किया।
वाहन में सवार व्यक्तियों से पूछताछ करने पर उन्होंने अपना नाम तीरथा ठेला पिता लक्ष्मीधर ठेला, उम्र 36 वर्ष, निवासी अचलपुर, पोस्ट तूक्ला, थाना राजा खरियार, जिला नुआपाड़ा (उड़ीसा)किशन जगत पिता महेश जगत, उम्र 35 वर्ष, निवासी स्टेशन चौक, कुम्हारी, जिला दुर्ग (छ.ग.)बताया पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे उड़ीसा के कंधमाल क्षेत्र से गांजा खरीदकर दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में अवैध बिक्री हेतु ला रहे थे। आरोपियों ने यह भी बताया कि पुलिस से बचने के उद्देश्य से वाहन के दरवाजों में विशेष रूप से गुप्त स्थान तैयार कर गांजा छिपाया गया था। प्रारंभिक पूछताछ में यह भी जानकारी मिली है कि आरोपियों द्वारा पूर्व में भी इस प्रकार गांजा परिवहन किया जा चुका है। पुलिस द्वारा आरोपियों के कब्जे से 14.5 किलोग्राम गांजा, क्रेटा वाहन क्रमांक सीजी 04 एच एक्स 6908, तथा नगद 22,000/- एवं मोबाइल फोन जप्त किया गया है।
आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) एवं 29 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मामले में अन्य संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है तथा पतासाजी जारी है।दुर्ग पुलिस द्वारा विशेष अभियान के तहत मादक पदार्थों के अवैध कारोबार, परिवहन एवं बिक्री में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जाएगा।
आरोपी का नामः-
1. तीरथा ठेला पिता लक्ष्मीधर ठेला, उम्र 36 वर्ष, निवासी अचलपुर, पोस्ट तूक्ला, थाना राजा खरियार, जिला नुआपाड़ा (उड़ीसा)
2. किशन जगत पिता महेश जगत, उम्र 35 वर्ष, निवासी स्टेशन चौक, कुम्हारी, जिला दुर्ग (छ.ग.)
जप्त सामग्रीः- 14.5 किलोग्राम गांजा, क्रेटा वाहन क्रमांक सीजी 04 एच एक्स 6908, तथा नगद 22,000/- एवं मोबाइल फोन जप्त जुमला कीमती लगभग 17,77,000/- रू0











