भिलाई। रिसाली जोन अंतर्गत हुडको क्षेत्र में लगातार बिगड़ती बिजली व्यवस्था को लेकर स्थानीय नागरिकों का आक्रोश सामने आया है।
नगर पालिका निगम भिलाई के महापौर परिषद के प्रभारी सदस्य सीजू एंथोनी के नेतृत्व में हुडकोवासियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने 32 बंगला स्थित बिजली विभाग कार्यालय पहुंचकर कार्यपालन अभियंता एन.के. राठी को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र में बार-बार बिजली गुल होने, फेज बंद रहने, ट्रांसफार्मर क्षमता की कमी और संधारण व्यवस्था में लापरवाही जैसी समस्याओं को लेकर नाराजगी जताते हुए तत्काल समाधान की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों को बताया कि हुडको क्षेत्र में हल्की हवा या बारिश होते ही बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है और कई-कई घंटों तक बहाल नहीं हो पाती। अक्सर “जम्पर कटने” या तकनीकी खराबी का हवाला देकर उपभोक्ताओं को परेशान होना पड़ता है। मानसून पूर्व और गर्मी के दौरान नियमित मेंटेनेंस के नाम पर बिजली बंद की जाती है, लेकिन इसके बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हो रहा है।
नागरिकों ने बताया कि पेट्रोल पंप फीडर क्षेत्र के एमआईजी-2/1 से 36 के बीच तथा रेलवे लाइन फीडर क्षेत्र के एमआईजी-1/904 से 924 और एमआईजी-2/200 से 214 के बीच नए ट्रांसफार्मर लगाने की आवश्यकता है। क्षेत्र में सबसे बड़ी समस्या एक फेज या दो फेज बंद होने की रहती है, जिससे घरों और दुकानों में बिजली उपकरण प्रभावित होते हैं। उन्होंने कहा कि एफओसी टीम पहुंचने में घंटों लग जाते हैं, क्योंकि हुडको क्षेत्र रिसाली जोन कार्यालय से काफी दूर है।
स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को लेकर भी लोगों ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि लाइन फॉल्ट या शॉर्ट सर्किट होने पर कई दिनों तक पूरा इलाका अंधेरे में डूबा रहता है। बारिश के दौरान इंसुलेटर बर्स्ट होने की घटनाएं बढ़ गई हैं और विभाग के पास कटआउट जैसे आवश्यक स्पेयर पार्ट्स तक उपलब्ध नहीं रहते। नागरिकों ने हुडको सब स्टेशन में स्थायी स्टाफ की नियुक्ति की मांग भी उठाई, ताकि शिकायतों का त्वरित निराकरण हो सके।
समस्याओं पर बिंदुवार चर्चा के बाद कार्यपालन अभियंता एन.के. राठी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि उपभोक्ताओं की परेशानी को देखते हुए रिसाली जोन को दो भागों में विभाजित किया जा रहा है। हुडको-तालपुरी क्षेत्र के लिए अलग सहायक अभियंता (AE) कार्यालय स्थापित किया जाएगा, जिससे फॉल्ट सुधार और संधारण कार्य में तेजी आएगी। इसके साथ ही क्षेत्र में चार से पांच अतिरिक्त ट्रांसफार्मर भी जल्द लगाए जाएंगे।
इस दौरान सीजू एंथोनी के साथ जावेद खान, आर.बी.के. राव, अरुण अग्रवाल, दीपांकर दास, बी.एल. मालवीय, सी. अनील, अरुण ठवकर, नेमीचंद शर्मा, श्यामल राय, मोहम्मद जावेद, गोविंद लाल अग्रवाल और पी. श्रीनिवास सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।











