पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के अथक प्रयास से तेज हुआ रेस्क्यू, हिमाचल हादसे में भिलाई के 4 लोगों की मौत,भिलाई के चंद्राकर परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
भिलाई हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में हुए भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। चुराह उपमंडल के कालावन क्षेत्र के पास पर्यटकों से भरी एक टैक्सी लगभग 500 मीटर गहरी खाई में गिर गई, जिससे उसमें सवार 8 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में मूल रूप से भिलाई के रहने वाले एक ही परिवार के चार सदस्य भी शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, हादसे में अरविंद चंद्राकर, उनकी पत्नी प्राची उर्फ पिंकी चंद्राकर, पुत्र अक्षद चंद्राकर (11 वर्ष) और दर्श चंद्राकर (8 वर्ष) की मौत हो गई। अरविंद चंद्राकर लंबे समय से बेंगलुरु में रहकर बैंकिंग सेक्टर में कार्यरत थे। नौकरी के सिलसिले में पूरा परिवार बेंगलुरु शिफ्ट हो गया था। छुट्टियां बिताने के लिए परिवार हिमाचल प्रदेश घूमने गया था, लेकिन यह यात्रा उनके लिए आखिरी साबित हुई।
घटना की जानकारी मिलते ही जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने तत्काल पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से संपर्क किया। इसके बाद भूपेश बघेल ने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री से चर्चा कर राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने तथा मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया। उनके हस्तक्षेप के बाद प्रशासन ने रेस्क्यू अभियान को प्राथमिकता देते हुए शवों को जल्द बाहर निकालने की कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार दुर्घटना शुक्रवार रात हुई थी, लेकिन दुर्गम क्षेत्र होने के कारण इसकी जानकारी प्रशासन को शनिवार को मिल सकी। सभी शवों को खाई से निकालकर डलहौजी स्थित जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखवाया गया।
अरविंद चंद्राकर के पिता एस.एल. चंद्राकर भिलाई के मरोदा सेक्टर स्थित सी-पॉकेट में रहते हैं। परिवार पर दुखों का ऐसा पहाड़ टूटा है कि परिजनों को अब तक पूरी घटना की जानकारी देने में भी कठिनाई हो रही है। हादसे की सूचना मिलते ही अरविंद के छोटे भाई रविंद्र चंद्राकर हिमाचल प्रदेश के लिए रवाना हो गए, जहां वे आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शवों को लेकर लौटेंगे।
इस हृदयविदारक हादसे की खबर से भिलाई सहित पूरे छत्तीसगढ़ में शोक की लहर है। परिवार, रिश्तेदार और परिचित गहरे सदमे में हैं। हर कोई इस दर्दनाक घटना को लेकर स्तब्ध है और मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है।











