के डी पब्लिक विद्यालय के विद्यार्थी 7 वीं सीनियर नेशनल सेस्टोबॉल चैंपियनशिप में करेंगे राज्य का प्रतिनिधित्व

के डी पब्लिक विद्यालय के विद्यार्थी 7 वीं सीनियर नेशनल सेस्टोबॉल चैंपियनशिप में करेंगे राज्य का प्रतिनिधित्व

7 वीं सीनियर नेशनल सेस्टोबॉल चैंपियनशिप का आयोजन 7 से 9 जनवरी 2026 तक बरेली, उत्तर प्रदेश में किया जा रहा है। इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में के डी पब्लिक विद्यालय, दुर्ग के विद्यार्थियों का चयन होने से विद्यालय एवं जिले में हर्ष का माहौल है।
छत्तीसगढ़ राज्य की टीम का प्रतिनिधित्व करने हेतु के डी पब्लिक विद्यालय के कुल 9 खिलाड़ियों का चयन किया गया है। चयनित खिलाड़ियों में अंकिता कुमावत, नंदनी पटेल, शरण्या बघेल, ज्योति सिद्ध, चैतन्य साहू, मृदुल चंद्राकर, कशिश साहू, अमित कुमावत एवं आदित्य राज प्रकाश शामिल हैं।
विद्यालय के प्राचार्य श्री बिनोद कुमार ने बच्चों के राष्ट्रीय सिस्टोबॉल चैंपियनशिप में चयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने आगे कहा कि विद्यालय हमेशा विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करता रहा है।


अंत में उन्होंने चयनित सभी खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वे राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय एवं राज्य का नाम रौशन करेंगें।
वहीं विद्यालय की खेल शिक्षिका तेजस्विनी निर्मलकर ने खिलाड़ियों की मेहनत और अनुशासन की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि ये खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय, जिले एवं राज्य का नाम रोशन करेंगे।
विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों के चयन पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह हमारे विद्यालय के लिए गर्व का विषय है कि हमारे विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में अपने राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे।
प्रबंधन ने आगे कहा कि विद्यालय सदैव खेलों के साथ-साथ शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों को समान महत्व देता रहा है। चयनित खिलाड़ियों ने यह सिद्ध कर दिया है कि सही मार्गदर्शन एवं परिश्रम से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने चयनित सभी विद्यार्थियों को इस उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई दी है तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।