छत्तीसगढ़

भिलाई के व्यस्ततम यातायात केंद्रों में शामिल रानी अवंतीबाई चौक कोहका की तस्वीर जल्द बदलने वाली है। लगातार हो रहे सड़क हादसों और यातायात अव्यवस्था को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस एवं लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने चौक की डिजाइन में व्यापक बदलाव का निर्णय लिया है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद यहां यातायात अधिक व्यवस्थित होगा और दुर्घटनाओं में कमी आने की उम्मीद है।

भिलाई। शहर के कोहका स्थित रानी अवंतीबाई चौक को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने की दिशा में प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल शुरू कर दी है। वर्तमान में ओवल आकार की रोटरी और चौक की अधिक चौड़ाई के कारण वाहन चालक निर्धारित दिशा का पालन किए बिना गलत दिशा से निकल जाते हैं, जिससे यहां अक्सर सड़क दुर्घटनाएं होती रही हैं।

Bharti college
स्पर्स

इसी समस्या के समाधान के लिए एडिशनल एसपी ट्रैफिक रिचा मिश्रा, पीडब्ल्यूडी अधिकारियों और लोधी समाज के प्रतिनिधियों ने चौक का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान चौक की मौजूदा संरचना का अध्ययन कर यातायात सुधार के लिए आवश्यक बदलावों पर चर्चा की गई।

मुकेश
Sarada

एएसपी रिचा मिश्रा ने बताया कि चौक को अब 10 मीटर व्यास की गोलाकार रोटरी के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए रानी अवंतीबाई की प्रतिमा को अस्थायी रूप से हटाकर चौक के मध्य भाग में पुनर्स्थापित करने की योजना बनाई गई है। प्रस्तावित डिजाइन पर अमल से पहले ट्रायल के तौर पर बैरिकेडिंग लगाकर अस्थायी रोटरी बनाई जाएगी, ताकि तकनीकी पहलुओं और यातायात प्रवाह का परीक्षण किया जा सके।

खाटू श्याम
Rungta


उन्होंने बताया कि परीक्षण सफल रहने के बाद स्थायी निर्माण कार्य किया जाएगा और प्रतिमा को सम्मानपूर्वक नए स्वरूप वाले चौक में स्थापित किया जाएगा। इस संबंध में समाज के प्रतिनिधियों से भी सहमति प्राप्त की जा रही है।


गौरतलब है कि यह चौक शहर के चार महत्वपूर्ण मार्गों को जोड़ता है। यहां से आईआईटी भिलाई, कुरूद बस्ती, जुनवानी और गदा चौक सुपेला की ओर यातायात संचालित होता है। ऐसे में चौक की नई डिजाइन न केवल यातायात को सुगम बनाएगी बल्कि सड़क सुरक्षा को भी मजबूत करेगी।

अलताब
शमशेर


प्रशासन का मानना है कि चौक के पुनर्गठन के बाद वाहन चालकों को स्पष्ट दिशा मिलेगी, यातायात का दबाव कम होगा और दुर्घटनाओं की संभावना में उल्लेखनीय कमी आएगी।