स्वदेशी विचार और तकनीकी आत्मनिर्भरता से ही बनेगा सशक्त भारत:-अजय भसीन
स्वदेशी जागरण मंच द्वारा स्वावलंबी भारत अभियान के अंतर्गत बालोद में आयोजित जिला विचार एवं प्रशिक्षण वर्ग में छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश महामंत्री श्री अजय भसीन विशेष वक्ता के रूप में उपस्थित हुए।
अपने उद्बोधन में श्री भसीन ने कहा कि आज के समय में केवल वस्तुओं के उपयोग में ही नहीं, बल्कि तकनीकी दृष्टि से भी स्वदेशी और आत्मनिर्भर बनना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि भारत को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय उद्यमों और नवाचारों को प्रोत्साहित करना होगा।
उन्होंने प्रोडक्ट आइडेंटिफिकेशन के विषय पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि किसी भी उद्यम की सफलता के लिए सबसे पहले स्वयं को मानसिक रूप से स्वावलंबी बनाना आवश्यक है। इसके बाद बाजार की आवश्यकता और मांग को पहचानते हुए उपयुक्त उत्पाद का चयन करना चाहिए। उन्होंने उत्पाद की लागत, मूल्य निर्धारण तथा प्रभावी विक्रय रणनीति पर भी अपने विचार रखे और कहा कि सही योजना एवं बाजार की समझ से छोटे उद्यम भी बड़ी सफलता प्राप्त कर सकते हैं।
श्री भसीन ने स्वावलंबन केंद्रों की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे केंद्र स्थानीय युवाओं, उद्यमियों और स्व-रोजगार की दिशा में कार्य करने वाले लोगों को मार्गदर्शन, प्रशिक्षण एवं अवसर उपलब्ध कराने में हम महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
युवाओं को संबोधित करते हुए श्री अजय भसीन ने कहा कि आज का युवा वर्ग अपनी प्रतिभा और कौशल को निखारने की बजाय सोशल मीडिया, मोबाइल और अन्य अनावश्यक गतिविधियों में अपना बहुमूल्य समय व्यतीत कर रहा है। उन्होंने कहा कि यदि युवा अपनी ऊर्जा और समय को कौशल विकास, नवाचार, उद्यमिता एवं स्वावलंबन की दिशा में लगाएं तो वे न केवल स्वयं को आत्मनिर्भर बना सकते हैं, बल्कि राष्ट्र की आर्थिक प्रगति में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है और उन्हें अपने कौशल, ज्ञान तथा स्वदेशी सोच के माध्यम से नए अवसरों का सृजन करना चाहिए।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रतिभागियों ने स्वदेशी, आत्मनिर्भरता और उद्यमिता से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया।
प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से सूचना शंकर सचदेव ने दी।













