दुर्ग पुलिस में प्रमोशन का उत्साह: 4 सहायक उप निरीक्षक बने उप निरीक्षक, SSP विजय अग्रवाल ने लगाए स्टार
दुर्ग। छत्तीसगढ़ पुलिस में कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट सेवा का सम्मान करते हुए दुर्ग जिले में पदस्थ चार सहायक उप निरीक्षकों को उप निरीक्षक (SI) पद पर पदोन्नत किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल द्वारा पदोन्नत अधिकारियों को स्टार लगाकर उनका बैच अलंकरण किया गया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
समारोह के दौरान SSP विजय अग्रवाल ने पदोन्नत अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस विभाग में पदोन्नति न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि यह पूरे बल के मनोबल को बढ़ाने वाला क्षण भी होता है। उन्होंने अपेक्षा जताई कि सभी अधिकारी अपनी नई जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा, अनुशासन और जनसेवा की भावना के साथ करेंगे।
उन्होंने आगे कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना, अपराधों पर नियंत्रण करना और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पदोन्नति के साथ ही अधिकारियों की जिम्मेदारियां भी बढ़ती हैं, इसलिए उन्हें और अधिक सजग एवं प्रतिबद्ध होकर कार्य करना होगा।
इस दौरान पदोन्नत अधिकारियों की सेवाओं, अनुशासन और उत्कृष्ट कार्यशैली की सराहना की गई। अधिकारियों को नई जिम्मेदारियों के प्रति प्रेरित करते हुए उन्हें जनोन्मुख पुलिसिंग अपनाने का संदेश दिया गया।
पदोन्नति प्राप्त अधिकारियों ने लिया संकल्प
पदोन्नति प्राप्त अधिकारियों ने भी अपने दायित्वों के प्रति पूर्ण समर्पण दोहराते हुए कहा कि वे कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और आमजन की सुरक्षा के लिए और अधिक प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।
पदोन्नत अधिकारी:
उप निरीक्षक गोरख नाथ चौधरी
उप निरीक्षक पूर्ण बहादुर कांकी
उप निरीक्षक चन्द्रशेखर सोनी
उप निरीक्षक केशव दयाल तिवारी
यह पदोन्नति छत्तीसगढ़ पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी आदेश के तहत की गई है, जिससे विभाग में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है।










