भिलाई में खौफनाक वारदात: आरक्षक की पत्नी-बेटे की हत्या, दो बेटियां गंभीर
भिलाई। छत्तीसगढ़ के भिलाई शहर में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां एक महिला ने घर में घुसकर आरक्षक की पत्नी और उसके 9 साल के बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी। इस हमले में परिवार की दो बेटियां भी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनका इलाज जारी है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
यह सनसनीखेज मामला सुपेला थाना क्षेत्र स्थित STF कॉलोनी का है। जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान रीना यादव के रूप में हुई है, जो आरक्षक ललितेश यादव की पत्नी थीं। ललितेश यादव वर्तमान में बीजापुर में पदस्थ हैं और हाल ही में 15 दिन की छुट्टी पर दुर्ग आए हुए थे।
सुबह घर से निकले, पीछे से हुआ हमला
बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह करीब 8 बजे ललितेश यादव रेलवे स्टेशन रिजर्वेशन कराने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान आरोपी महिला सरोजनी भारद्वाज (25) घर पहुंची और मौका पाकर अंदर घुस गई। घर में उस समय रीना यादव अपने बच्चों के साथ मौजूद थीं।
सोते हुए बच्चे पर 14 वार, मां पर भी बेरहमी से हमला
आरोपी महिला ने घर में घुसते ही हमला शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि उसने सो रहे 9 वर्षीय बच्चे पर चाकू से ताबड़तोड़ 14 वार किए। बीच-बचाव करने पहुंची मां रीना यादव पर भी आरोपी ने जानलेवा हमला किया, जिससे दोनों की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई।
बेटियों ने दिखाई हिम्मत, एक ने पड़ोसियों को बुलाया
हमले के दौरान रीना यादव ने अपनी बेटियों को बचाने की कोशिश की। उन्होंने आरोपी महिला का पैर पकड़कर बेटियों को वहां से भागने को कहा। एक बेटी किसी तरह घर से बाहर निकलकर पड़ोसियों को सूचना देने में सफल रही, जबकि दूसरी बेटी बाथरूम में छिपकर अपनी जान बचाने में कामयाब रही।
पड़ोसियों ने पकड़ा आरोपी, पुलिस को सौंपा
सूचना मिलते ही पड़ोसी मौके पर पहुंचे और आरोपी महिला को पकड़ लिया। लोगों ने उसके हाथ से चाकू छीन लिया और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
इलाज के दौरान मां-बेटे की मौत
सीएसपी भिलाई सत्यप्रकाश तिवारी के अनुसार, गंभीर रूप से घायल रीना यादव और उनके बेटे को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। घायल बेटियों का उपचार जारी है।
एक दिन पहले भी घर पहुंची थी आरोपी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी महिला सरोजनी भारद्वाज एक दिन पहले भी आरक्षक के घर पहुंची थी। उस समय ललितेश यादव ने उसे समझाकर वापस भेज दिया था। बताया जा रहा है कि आरोपी महिला जांजगीर की रहने वाली है और दुर्ग में किराए के मकान में रह रही थी।
हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज
पुलिस ने आसपास के लोगों की शिकायत पर आरोपी महिला के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और हमले के पीछे के कारणों की जांच जारी है।










