भिलाई। पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कोसा नगर सुपेला (भिलाई) के नेतृत्व में अवंती बाई चौक, कोहका भिलाई में विशाल ‘हल्ला बोल’ विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए ईंधन मूल्य वृद्धि को आम जनता पर आर्थिक बोझ बताया।
कार्यक्रम में साडा के पूर्व उपाध्यक्ष बृजमोहन सिंह एवं प्रदेश सचिव इरफान खान विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभा को संबोधित करते हुए बृजमोहन सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार लगातार पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाकर आम नागरिकों की जेब पर डाका डाल रही है। महंगाई चरम पर पहुंच चुकी है, जिससे गरीब, मजदूर, किसान और मध्यम वर्ग सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार जनता को राहत देने में पूरी तरह विफल साबित हुई है।
प्रदेश सचिव इरफान खान ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार केवल बड़े पूंजीपतियों के हित में काम कर रही है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में कमी आने के बावजूद देश में पेट्रोल-डीजल के दाम कम नहीं किए जा रहे हैं। इसका सीधा असर आम लोगों के जीवन पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि महंगाई के कारण रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुएं भी आम आदमी की पहुंच से बाहर होती जा रही हैं।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नरसिंह नाथ ने कहा कि ईंधन की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि ने किसानों, व्यापारियों और मध्यम वर्ग की कमर तोड़ दी है। परिवहन खर्च बढ़ने से हर वस्तु महंगी हो रही है और आम जनता त्रस्त है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक सरकार पेट्रोल-डीजल के दाम कम नहीं करती, तब तक कांग्रेस का संघर्ष लगातार जारी रहेगा।
विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान लालचंद वर्मा, मोहम्मद रफीक, इतवारी देवांगन, दर्शन सिंह, संजीत चक्रवर्ती, निरंजन बिसाई, अली हुसैन सिद्दीकी, पिंकी वर्मा, नीरा जंघेल, अशोक रामटेके, हीरा शंकर साहू, शमशेर सिद्दीकी, बुद्ध शरण बोरकर, संदीप कुमार, जागेश्वरी साहू, लादूराम सिन्हा, दीपक भाटिया, युवराज चौरसिया, भानु प्रताप जंघेल, मोहम्मद शोएब खान, बलदाऊ पिपरिया, कन्हैया चूरहे, नरेंद्र पिपरोल, प्रमोद यादव, रविंद्र सिंह, विकास पांडे, चंद्रशेखर पटले, गुरविंदर सिंह, उज्जवल लोधी, चंदन देवांगन, शुभम वर्मा, शाहिद खान, कीर्ति सिंह, सुजीत कुमार साव, सुमन सागर सिन्हा, अनीशा बघेल, मनीष कुमार, घटोत्कच शुक्ला, पंकज कुमार, गोविंद देश लहरे, प्रदीप कुलदीप, मुनीर शेख, अर्जुन शर्मा, किशन यादव, द्वारिका साहू, अंजलि भवते, रवि भवते, आनंद डोंगरे, प्रवीण साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।









