अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस (मई दिवस) के अवसर पर जेके लक्ष्मी सीमेंट संयंत्र में औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को केंद्र में रखते हुए भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। छत्तीसगढ़ औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग के उपसंचालक मनीष कुंजाम के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में श्रमिकों की सुरक्षा, जागरूकता और आपदा प्रबंधन क्षमता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत श्रमिकों द्वारा सेफ्टी गेट मीटिंग से हुई, जिसमें सुरक्षा जागरूकता पर आधारित नाटक प्रस्तुत किया गया। श्रमिकों ने कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन करने और सुरक्षित कार्य संस्कृति को बढ़ावा देने की शपथ ली। इस दौरान मिठाई वितरण कर श्रमिक दिवस का उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
संयंत्र प्रमुख राजपाल सिंह शेखावत ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले श्रमिकों को सम्मानित कर पुरस्कार वितरित किए। उन्होंने कहा कि जेके लक्ष्मी सीमेंट में श्रमिकों के सम्मान और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है तथा प्रत्येक माह की पहली तारीख को श्रमिक सहभागिता के साथ सुरक्षा कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
मई दिवस के विशेष अवसर पर संयंत्र में एक व्यापक मॉक ड्रिल आयोजित की गई, जिसमें अकाउंट्स विभाग में काल्पनिक आग लगने की स्थिति निर्मित कर आपदा प्रबंधन की तैयारियों का परीक्षण किया गया। इस दौरान सुरक्षा विभाग, मानव संसाधन विभाग, ऑक्यूपेशनल हेल्थ सेंटर की मेडिकल टीम एवं अन्य कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थिति पर नियंत्रण पाने का प्रदर्शन किया।
उपसंचालक मनीष कुंजाम ने संयंत्र की सुरक्षा तैयारियों, कर्मचारियों की चुस्ती-फुर्ती और आपातकालीन प्रबंधन क्षमता की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के अभ्यास औद्योगिक सुरक्षा को मजबूत करने में अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
कार्यक्रम में संयंत्र प्रमुख राजपाल सिंह शेखावत, उपसंचालक मनीष कुंजाम, मानव संसाधन प्रमुख मनीष तिवारी, संतोष कुमार लेंका, मिलन अहीर, डॉ. अमित यादव सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी एवं श्रमिक उपस्थित रहे। मई दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम श्रमिक सम्मान, सुरक्षा जागरूकता और औद्योगिक जिम्मेदारी का प्रेरक उदाहरण बनकर सामने आया।










