पं. संदीप शास्त्री के आयोजन में 15 मई को दुर्ग में सजेगा भव्य श्याम दरबार, गूंजेंगे देशभर के प्रसिद्ध भजन गायक
दुर्ग। धार्मिक आस्था, भक्ति और आध्यात्मिक चेतना से ओतप्रोत “श्याम पूर्ण इच्छा महोत्सव” का भव्य आयोजन 15 मई को दुर्ग के पुरानी गंजमंडी, गंजपारा क्षेत्र में किया जाएगा। खाटू श्याम ज्योतिषी परिवार दुर्ग के प्रमुख पंडित संदीप शास्त्री के नेतृत्व में आयोजित इस महोत्सव को लेकर शहर सहित पूरे प्रदेश में उत्साह का माहौल है। पहली बार दुर्ग में इतने बड़े स्तर पर आयोजित हो रहे इस कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
महोत्सव में देश के प्रसिद्ध भजन गायक संजय मित्तल (कोलकाता), प्रेम शर्मा (राजस्थान) और ममता चौधरी (दिल्ली) श्री श्याम के मधुर भजनों की प्रस्तुति देंगे। भक्ति संगीत की स्वर लहरियों से पूरा वातावरण श्याममय हो जाएगा। आयोजन स्थल पर लगभग 10 हजार श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था की जा रही है। साथ ही सुरक्षा, पेयजल, पार्किंग और अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी विशेष तैयारी की गई है।
पं. संदीप शास्त्री ने बताया कि विराट भजन संध्या के दौरान बाबा श्याम का भव्य दरबार सजाया जाएगा। इसके साथ अखंड ज्योति, इत्र वर्षा, छप्पन भोग प्रसादी (भंडारा) और आकर्षक लाइट एवं साउंड व्यवस्था कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षण होंगे। विशेष रूप से पुरानी गंजमंडी क्षेत्र में पाइपलाइन के माध्यम से इत्र वर्षा की व्यवस्था श्रद्धालुओं के लिए अनूठा अनुभव साबित होगी।
उन्होंने बताया कि खाटू श्याम ज्योतिषी परिवार द्वारा पिछले पांच वर्षों से राजस्थान में इस तरह के धार्मिक आयोजनों का सफल आयोजन किया जाता रहा है, लेकिन इस वर्ष पहली बार दुर्ग में इतने बड़े स्तर पर महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। इसे लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।
इस आयोजन में सहयोगी संस्थाओं के रूप में श्री गंजपारा दुर्गोत्सव समिति गंजपारा, श्री सत्तीचौरा मां दुर्गा मंदिर समिति, जन समर्पण सेवा संस्था और बोल बम सेवा समिति की सक्रिय भागीदारी रहेगी। आयोजन समिति के सदस्य योगेंद्र बंटी शर्मा, सुरेश गुप्ता, गुड्डू कश्यप, मनोज गुप्ता, लाला लक्का अग्रवाल, रवि ढोके, ईशान शर्मा, गगन शर्मा, विजय गुप्ता, विनोद शर्मा और अर्जित शुक्ला सहित अन्य लोग तैयारियों में जुटे हुए हैं।
पं. संदीप शास्त्री ने प्रदेशभर के श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे इस भव्य आयोजन में शामिल होकर धर्मलाभ प्राप्त करें तथा भक्ति, सद्भाव और सकारात्मक ऊर्जा से जुड़े इस महोत्सव का हिस्सा बनें।









