PM मोदी की अपील का असर: कबीरधाम में SP-ASP साइकिल से पहुंचे दफ्तर, दिया ऊर्जा बचत का संदेश
कवर्धा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ऊर्जा बचत और पर्यावरण संरक्षण की अपील का असर अब जिलों में भी दिखाई देने लगा है। मंगलवार को कबीरधाम जिले में पुलिस विभाग की ओर से एक प्रेरणादायी पहल देखने को मिली, जब पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह साइकिल चलाकर अपने कार्यालय पहुंचे। उनके साथ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह बघेल ने भी साइकिल से कार्यालय पहुंचकर अभियान में सहभागिता निभाई।
इस दौरान उप पुलिस अधीक्षक संजय ध्रुव सहित पुलिस विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी भी शामिल हुए। अधिकारियों ने साइकिल चलाकर आमजन को ऊर्जा संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि छोटी-छोटी आदतों में बदलाव कर हम ऊर्जा बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी बड़ी भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि नियमित रूप से साइकिल चलाने से स्वास्थ्य बेहतर रहता है और ईंधन की खपत भी कम होती है।
उन्होंने जिले के सभी पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों से अपील की कि वे सप्ताह में कम से कम एक दिन साइकिल या पैदल अपने कार्यस्थल पहुंचने का प्रयास करें। इससे न केवल ऊर्जा संरक्षण होगा, बल्कि लोगों में फिटनेस और पर्यावरण के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी।
बता दें कि हाल ही में गुजरात के वडोदरा में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने की अपील की थी। प्रधानमंत्री ने सार्वजनिक परिवहन, इलेक्ट्रिक बसों, कार पूलिंग और जरूरत पड़ने पर वर्क फ्रॉम होम, ऑनलाइन क्लास और वर्चुअल बैठकों जैसे विकल्प अपनाने पर जोर दिया था।
प्रधानमंत्री ने कहा था कि देश को ऊर्जा आयात पर विदेशी मुद्रा में भारी खर्च करना पड़ता है, ऐसे में हर नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह संसाधनों पर बोझ कम करने में अपनी भूमिका निभाए। कबीरधाम पुलिस की यह पहल अब जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोगों को सकारात्मक संदेश दे रही है।









