भिलाई निगम की कार्रवाई: सड़क बाधा बनने वालों पर चला निगम का डंडा, 3200 रुपये का जुर्माना
भिलाईनगर। नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा शहर में अवैध पार्किंग और सड़क बाधा बनने वाले वाहनों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। निगम आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देश पर मंगलवार को सुपेला आकाशगंगा क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर चालानी कार्रवाई की गई। इस दौरान सड़क और आवागमन बाधित करने वालों से कुल 3200 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
जानकारी के अनुसार, जोन-1 नेहरू नगर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने वार्ड क्रमांक 17 आकाशगंगा परिसर में निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई प्रतिष्ठानों के सामने अवैध रूप से वाहन खड़े पाए गए, जिससे सड़क पर आवागमन प्रभावित हो रहा था। निगम की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित वाहन मालिकों पर जुर्माना लगाया।
कार्रवाई के दौरान गौरी शंकर, मनोज कुमार, सौरभ, प्रकाश हालधर, भोले बाबा और पवन कुमार गुप्ता सहित अन्य लोगों पर चालानी कार्रवाई की गई। आकाशगंगा क्षेत्र में कुल 1400 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
इसी तरह राखी फर्नीचर रोड के सामने अवैध रूप से सब्जी ट्रक पार्किंग किए जाने की शिकायत पर भी निगम की टीम पहुंची। सड़क पर ट्रक खड़े होने से यातायात और आम लोगों की आवाजाही प्रभावित हो रही थी। निगम अधिकारियों ने मौके पर कार्रवाई करते हुए संबंधित लोगों से 1800 रुपये का जुर्माना वसूला।
नगर निगम अधिकारियों ने कहा कि सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर अवैध पार्किंग करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। नागरिकों से अपील की गई है कि वे यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें और सड़क पर वाहन खड़े कर बाधा उत्पन्न न करें।









