रायपुर समेत छत्तीसगढ़ के कई शहरों में पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग गई हैं. लोग दावा कर रहे हैं कि कई जगह पंप बंद हैं और ईंधन नहीं मिल रहा. वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और प्रशासन ने कहा है कि राज्य में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है. अफवाहों के कारण लोग जरूरत से ज्यादा पेट्रोल भरवा रहे हैं, जिससे कुछ जगहों पर दबाव बढ़ा है।
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर समेत कई शहरों में पेट्रोल और डीजल को लेकर अचानक बढ़ी चिंता ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. भिलाई शहर के कई पेट्रोल पंपों पर लंबी-लंबी कतारें लग रहीं हैं. बड़ी संख्या में लोग पेट्रोल-डीजल भरवाने पहुंचे, जिससे कई जगहों पर अफरा-तफरी जैसे हालात बन गए. लोगों का कहना है कि कई पेट्रोल पंप अस्थायी रूप से बंद दिखाई दिए, जबकि कुछ जगहों पर स्टॉक खत्म होने की सूचना मिली. इसी वजह से लोग फुल टैंक कराने के लिए घंटों लाइन में खड़े रहे.भिलाई के सेक्टर-6,सेक्टर-10,कोहका,कुरुड़ रोड, छावनी चोक, और पावर हाउस समेत कई इलाकों में वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं. इस बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि प्रदेश में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और किसी को घबराने की जरूरत नहीं है।
स्थिति को देखते हुए रायपुर कलेक्टर ने पेट्रोल पंप एसोसिएशन और तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ आपात बैठक की. बैठक में अधिकारियों ने कहा कि पिछले दो दिनों में अफवाहों के कारण लोग सामान्य से ज्यादा ईंधन खरीद रहे हैं. जहां पहले लोग जरूरत के अनुसार 2 से 3 लीटर पेट्रोल भरवाते थे, वहीं अब बड़ी संख्या में लोग फुल टैंक करवा रहे हैं. इसी वजह से कुछ पंपों पर अस्थायी दबाव की स्थिति बनी. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि राज्य में ईंधन की कोई बड़ी कमी नहीं है और सप्लाई लगातार जारी है. कलेक्टर ने डिपो से 24 घंटे पेट्रोल-डीजल सप्लाई के निर्देश दिए हैं, ताकि स्थिति जल्द सामान्य हो सके. खाद्य विभाग ने भी दावा किया है कि राज्य में हजारों किलोलीटर पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है।
भिलाई में देर रात तक लगी रहीं कतारें
भिलाई के कई पेट्रोल पंपों पर गुरुवार शाम से देर रात तक लोगों की भीड़ लगी रही. खासतौर पर सेक्टर-6,सेक्टर-10,कोहका,कुरुड़ रोड, छावनी चोक, और पावर हाउस क्षेत्र के पंपों पर वाहनों की लंबी लाइनें देखी गईं. कई लोग अतिरिक्त पेट्रोल स्टोर करने की कोशिश करते भी नजर आए. इससे शहर में अचानक मांग बढ़ गई और कई पंपों पर अस्थायी रूप से स्टॉक खत्म होने जैसी स्थिति बन गई।
बिलासपुर में 13 पेट्रोल पंप हुए ड्राई
बिलासपुर जिले में शहर और आउटर के करीब 13 पेट्रोल पंप पूरी तरह ड्राई हो गए. बताया गया कि कुछ पंप संचालकों द्वारा तेल कंपनियों को भुगतान नहीं किए जाने के कारण टैंकर समय पर नहीं पहुंचे थे. हालांकि बाद में भुगतान किए जाने के बाद सप्लाई बहाल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई. प्रशासन ने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है और जल्द सभी पंपों पर नियमित सप्लाई शुरू हो जाएगी।
सरकार बोली- घबराने की जरूरत नहीं
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की. उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडारण मौजूद है और सप्लाई लगातार जारी है. खाद्य सचिव रीना बाबासाहेब कंगाले ने बताया कि प्रदेश में 45,474 किलोलीटर पेट्रोल और 84,654 किलोलीटर डीजल का स्टॉक उपलब्ध है. उन्होंने कहा कि रोजाना की खपत की तुलना में वर्तमान स्टॉक पर्याप्त है।
24 घंटे होगी पेट्रोल सप्लाई
छत्तीसगढ़ पेट्रोलियम डीजल संगठन के अध्यक्ष अखिल धगत ने कहा कि अब डिपो से 24 घंटे पेट्रोल-डीजल की सप्लाई की जाएगी. पहले टैंकरों को सीमित समय में एंट्री की अनुमति थी. प्रशासन का मानना है कि लगातार सप्लाई बढ़ने से अगले 24 से 48 घंटे में स्थिति सामान्य हो जाएगी. लोगों से जरूरत के अनुसार ही ईंधन खरीदने की अपील की गई है।
कांग्रेस करेगी प्रदर्शन, जिला अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने दी चेतावनी
पेट्रोल-डीजल की कथित किल्लत को लेकर कांग्रेस ने भी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन का ऐलान किया है। जिला अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर के नेतृत्व में प्रदर्शन किया जाएगा. कांग्रेस का आरोप है कि सरकार ईंधन वितरण व्यवस्था संभालने में विफल रही है, जबकि प्रशासन इसे अफवाहों से पैदा हुई स्थिति बता रहा है।









