टीम दिशा का सेवा–संवेदना अभियान: वृद्धाश्रमों व आश्रय स्थलों में आवश्यक सामग्री का वितरण

मानवता, करुणा और सामाजिक उत्तरदायित्व का परिचय देते हुए सामाजिक संस्था टीम दिशा द्वारा एक सराहनीय सेवा–संवेदना अभियान का आयोजन किया गया। अभियान के अंतर्गत सेक्टर-8 एवं सेक्टर-2 स्थित वृद्धाश्रमों तथा सेक्टर-3 में संचालित फील परमार्थ फाउंडेशन (विक्षिप्त एवं निराश्रित जनों का आश्रय स्थल) में दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री का वितरण किया गया।

इस सेवा कार्य के दौरान डिटर्जेंट पाउडर, फिनाइल, लिक्विड सोप सहित स्वच्छता एवं स्वास्थ्य से संबंधित सामग्री प्रदान की गई। अभियान में टीम दिशा के प्रमुख सदस्य सुजीत चक्रवर्ती, राजेश धारकर, प्रदीप दास, जवाहर, बापी दास, देबाशीष मजूमदार, कल्याण राय, भास्कर देवनाथ, उत्तम डे, शांतनु दासगुप्ता, के.सी. राव, जी.एस. संधू सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।


संस्था के प्रतिनिधि श्री सुजीत चक्रवर्ती ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य वृद्धाश्रमों एवं आश्रय स्थलों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं स्वास्थ्यकर बनाना है, जिससे वहाँ निवासरत बुजुर्गों एवं आश्रित जनों को सम्मान, अपनत्व और सुरक्षा का अनुभव हो सके। इस दौरान संस्था के सदस्यों ने वृद्धजनों व आश्रितों से आत्मीय संवाद कर उनका हालचाल भी जाना।



फील परमार्थ फाउंडेशन के व्यवस्थापक इंजीनियर अमित राज ने टीम दिशा के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे स्वास्थ्य संरक्षण एवं सामाजिक संवेदना की दिशा में एक अत्यंत उपयोगी पहल बताया। वहीं वृद्धाश्रम प्रबंधन ने भी संस्था के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर श्री राजेश धारकर ने कहा, “जरूरतमंदों की मुस्कान ही सेवा का सबसे बड़ा पुरस्कार है।”
श्री जवाहर ने भी कहा कि टीम दिशा का यह अभियान समाज में संवेदना, स्वच्छता और मानवता का प्रेरणादायी संदेश देता है।
टीम दिशा का यह सेवा–संवेदना अभियान समाज के जरूरतमंद, बेसहारा, निराश्रित एवं विक्षिप्त जनों के प्रति सहयोग, सम्मान और सामाजिक जिम्मेदारी का सशक्त उदाहरण है।








































