भिलाई आत्महत्या कांड: फेसबुक सुसाइड नोट में पत्नी पर गंभीर आरोप, जादू-टोना और घरेलू हिंसा का दावा
भिलाई। जामुल थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां रुंगटा कॉलेज में पदस्थ सीनियर ग्राफिक्स डिजाइनर भोज नारायण (36) ने आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले युवक द्वारा फेसबुक पर की गई एक टेक्स्ट पोस्ट अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें उसने अपनी मौत का जिम्मेदार सीधे तौर पर अपनी पत्नी को ठहराया है।

फेसबुक पोस्ट में भोज नारायण ने लिखा है कि वह पत्नी से मानसिक रूप से प्रताड़ित होकर यह कदम उठा रहा है। उसने आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी ने उसकी गर्लफ्रेंड पर जादू-टोना कराया था और वह स्वयं लंबे समय से घरेलू हिंसा का शिकार रहा है। युवक ने पोस्ट में यह भी स्पष्ट किया कि उसके अन्य परिजनों का इस घटना से कोई लेना-देना नहीं है और उसने “गर्लफ्रेंड को बचाने के लिए जान देने” की बात कही है।




जानकारी के अनुसार, भोज नारायण शादीशुदा था, लेकिन उसका प्रेम संबंध एक महिला प्यून से था, जो स्वयं भी शादीशुदा थी। इस रिश्ते की जानकारी उसकी पत्नी को थी, जिसका वह लगातार विरोध कर रही थी। बताया जा रहा है कि 28 जनवरी को भोज नारायण ने आत्महत्या कर ली थी, लेकिन अब उसका फेसबुक सुसाइड नोट सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया है।

फेसबुक पोस्ट के साथ युवक ने एक ड्राइव लिंक भी साझा किया था, जिसमें पत्नी और अन्य लोगों से जुड़े चैट स्क्रीनशॉट होने का दावा किया गया है। फिलहाल जामुल थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है और मृतक की पत्नी से पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि वायरल पोस्ट और ड्राइव लिंक की सत्यता की जांच की जा रही है, जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








































