दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के मोहन नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत आर्य नगर में शुक्रवार को एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई।
घटना इतनी दर्दनाक थी कि जिसने भी सुना, वह स्तब्ध रह गया। एक मकान के भीतर पति-पत्नी के शव फांसी के फंदे पर झूलते मिले, जबकि उनके दो मासूम बच्चों के शव कमरे में बिस्तर पर पड़े हुए थे। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि दंपती ने पहले बच्चों को जहर दिया और बाद में खुद आत्महत्या कर ली।
मृतकों की पहचान गोविंद साहू (45 वर्ष), उनकी पत्नी चंचल साहू (40 वर्ष), पुत्री दृष्णा साहू (13 वर्ष) और पुत्र यशांत साहू (11 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही मोहन नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू की गई। घटना स्थल का निरीक्षण वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने किया। वहीं, फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें पारिवारिक विवाद का जिक्र किया गया है। हालांकि, पुलिस अभी इस नोट की सत्यता और उसमें लिखी बातों की गहराई से जांच कर रही है। चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सके।
घटना के बाद पूरे आर्य नगर इलाके में मातम और दहशत का माहौल है। पड़ोसियों और स्थानीय लोगों के अनुसार परिवार सामान्य रूप से रह रहा था और किसी को भी इस तरह की घटना की आशंका नहीं थी। पुलिस अब परिवार के रिश्तेदारों, परिचितों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।
फिलहाल मोहन नगर थाना में मर्ग कायम कर लिया गया है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर किन परिस्थितियों में परिवार ने इतना बड़ा आत्मघाती कदम उठाया।









