प्रेमी संग मिलकर पत्नी ने की पति की हत्या, शव पानी भरे गड्ढे में फेंका; महिला गिरफ्तार, अन्य आरोपी फरार
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने प्रेमी और उसके दो साथियों के साथ मिलकर अपने ही पति की हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को रेलवे ट्रैक के पास पानी से भरे गड्ढे में फेंक दिया गया। मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका प्रेमी और अन्य आरोपी अभी फरार हैं।
जानकारी के मुताबिक, यह पूरा मामला सिरगिट्टी थाना क्षेत्र का है। पुलिस जांच में सामने आया कि झारखंड निवासी पूनम लोंमगा (35) का किसी अन्य युवक से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। पति विनोद लोंमगा (40) इस रिश्ते में बाधा बन रहा था, जिसके बाद महिला ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।
बताया जा रहा है कि बीते 18 मई को पूनम अपने पति विनोद को किसी परिचित से पैसे लेने का बहाना बनाकर बिलासपुर लाई थी। पहले से तय योजना के तहत सिरगिट्टी स्थित रेलवे ट्रैक के पास उसका प्रेमी सुगर टोपनो अपने दो साथियों के साथ मौजूद था। वहां चारों ने मिलकर विनोद पर हमला कर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपियों ने शव को रेलवे ट्रैक के उस पार पानी से भरे गड्ढे में फेंक दिया, ताकि घटना छिपाई जा सके। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
करीब एक सप्ताह बाद मामले का खुलासा तब हुआ, जब झारखंड पुलिस एक महिला को साथ लेकर सिरगिट्टी थाने पहुंची। पूछताछ और संदेह के आधार पर पुलिस ने पूनम से कड़ाई से पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी महिला की निशानदेही पर पुलिस घटनास्थल पहुंची और शव बरामद किया।
पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, आरोपी प्रेमी सुगर टोपनो और उसके दो साथियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है।








