पूर्व CM भूपेश बघेल पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाला आरोपी गिरफ्तार,कांग्रेस ने किया था सुपेला थाना का घेराव,शिकायत पर हुई कार्रवाई

पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान अमित सेन के रूप में हुई है, जो भिलाई स्थित आरोग्य हॉस्पिटल में ड्रेसर के पद पर कार्यरत है। आरोपी ने कथित तौर पर नशे की हालत में भूपेश बघेल के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा की थी, जो बाद में वायरल हो गई।

बता दें कि कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो और पोस्ट सामने आई थी, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री के खिलाफ अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया था। इसके बाद NSUI अध्यक्ष शान्तनु झा के नेतृत्व में संगठन के कार्यकर्ता और प्रदेश पदाधिकारी 27 जनवरी को सिविल लाइन थाना पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई। NSUI ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की थी।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने अमित सेन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196, 352, 353(2) और 356 के तहत मामला दर्ज किया। इसके बाद गुरुवार, 29 जनवरी को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

कांग्रेस पार्टी ने सुपेला थाना प्रभारी विजय यादव को ज्ञापन सौंपते हुए मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की थी। जिला कांग्रेस कमेटी,भिलाई के विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज की। आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि सहायक पुलिस आयुक्त रमाकांत साहू ने की है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। इसके बाद आरोपी अमित को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी भिलाई में आरोग्य अस्पताल में ड्रेसर के तौर पर पदस्थ था। मूलत: मध्यप्रदेश के शहडोल का रहने वाला है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि शराब के नशे में उसने पोस्ट किया था। फिलहाल आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।