पुलिसिया धौंस के सहारे शासकीय जमीन पर कब्जा? करोड़ों की भूमि पर अतिक्रमण का आरोप, ग्रामीणों में आक्रोश
शिकायत के बाद भी कार्रवाई का इंतजार, ग्रामीण बोले— “धमकी और दबाव के कारण कोई खुलकर नहीं बोल पा रहा”
धमधा,
धमधा ब्लॉक के ग्राम धरमपुरा में शासकीय भूमि पर कथित अवैध अतिक्रमण का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव की मुख्य सड़क से लगी करोड़ों रुपये मूल्य की शासकीय भूमि पर शत्रुघ्न यादव द्वारा कब्जा किया गया है। आरोप यह भी है कि अपने पुत्र सुरेश यादव, जो पुलिस विभाग में पदस्थ हैं, की धौंस दिखाकर अतिक्रमण को संरक्षण दिया जा रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार जब भी किसी ने इस मामले का विरोध किया या शिकायत करने की बात कही, तो उन्हें पुलिसिया रौब दिखाकर डराने और झूठे मामलों में फंसाने की धमकी दी गई। इससे गांव में भय का माहौल बना हुआ है और लोग खुलकर सामने आने से कतरा रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक पूरे मामले की शिकायत धमधा अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) से की गई है। अब सभी की नजर प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि शासकीय भूमि पर हुए कथित अतिक्रमण की निष्पक्ष जांच कराई जाए तो कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आ सकते हैं।
मामले को लेकर एक और गंभीर आरोप सामने आया है। ग्रामीणों का दावा है कि पिछले दिनों क्षेत्र में अवैध मुरुम खनन को लेकर जो खबरें प्रकाशित हुई थीं, उस गतिविधि के पीछे भी शत्रुघ्न यादव का नाम सामने आया था। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर पुलिस कर्मी के नाम और प्रभाव का हवाला देकर किए जा रहे कथित अतिक्रमण पर प्रशासन कब कार्रवाई करेगा? क्या शासकीय भूमि को कब्जामुक्त कराया जाएगा या फिर शिकायतें फाइलों में ही दबकर रह जाएंगी?











