सेल के अधिकारियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। सेल प्रबंधन ने वित्तीय वर्ष 2024-25 की परफॉर्मेंस रिलेटेड पे (पीआरपी) का भुगतान जुलाई माह के वेतन के साथ करने का निर्णय लिया है। इस निर्णय का स्वागत करते हुए ऑफिसर्स एसोसिएशन-भिलाई स्टील प्लांट (ओए-बीएसपी) और सेफी (SAIL Executives' Federation of India) ने सेल प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया है।
ओए-बीएसपी ने कहा कि पीआरपी के भुगतान को लेकर सेफी लगातार प्रयासरत था। डीपीई (डिपार्टमेंट ऑफ पब्लिक एंटरप्राइजेज) द्वारा एमओयू रेटिंग निर्धारित होने के बाद भी पीआरपी का भुगतान लंबित था। इस मुद्दे को सेफी के पदाधिकारियों ने 16 मई 2026 और 4 जुलाई 2026 को सेल प्रबंधन के साथ हुई बैठकों में प्रमुखता से उठाया था। लगातार संवाद और प्रयासों के बाद अब प्रबंधन ने अधिकारियों के हित में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।
सेफी और ओए-बीएसपी ने सेल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) तथा निदेशक मंडल का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए उम्मीद जताई है कि अधिकारियों से जुड़े अन्य लंबित मामलों पर भी शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिए जाएंगे।
सेफी चेयरमेन एवं ओए-बीएसपी के अध्यक्ष नरेन्द्र कुमार बंछोर ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2024-25 की पीआरपी का भुगतान डीपीई के निर्देशों के अनुसार एमओयू रेटिंग घोषित होने के बाद वित्तीय वर्ष 2025-26 में ही हो जाना चाहिए था, लेकिन कुछ कारणों से इसमें विलंब हुआ। उन्होंने कहा कि सेल के सभी अधिकारी वित्तीय वर्ष 2026-27 में बेहतर वित्तीय परिणाम सुनिश्चित करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि 1 जनवरी 2027 से अधिकारियों का चौथा वेतन पुनरीक्षण (फोर्थ पे रिविजन) लागू होना है, जिसके लिए सेफी सक्रिय रूप से प्रयास कर रही है। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि अफोर्डेबिलिटी क्लॉज के कारण तीसरा वेतन पुनरीक्षण 1 जनवरी 2017 के बजाय 1 अप्रैल 2020 से लागू किया गया था। ऐसे में इस बार समय पर चौथे वेतन पुनरीक्षण को लागू कराने की दिशा में संगठन लगातार प्रयास करेगा।
मंगलवार, 28 जुलाई 2026 को आयोजित ओए-बीएसपी की मासिक बैठक में सभी कार्यकारिणी सदस्यों ने वित्तीय वर्ष 2024-25 की पीआरपी के भुगतान के लिए सेल प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया। बैठक में सेफी चेयरमेन एवं ओए-बीएसपी अध्यक्ष नरेन्द्र बंछोर, महासचिव अंकुर मिश्रा, कोषाध्यक्ष सौभाग्य रंजन साहू, सेफी नामिनी अखिलेश मिश्रा, उपाध्यक्ष संतोष सिंह और रेमी थॉमस, उपाध्यक्ष (माइंस) नितेश छत्री, सचिव प्रहलाद मौर्या और अनु पी सहित अनेक जोनल प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
सेल प्रबंधन के इस फैसले से अधिकारियों में खुशी का माहौल है और इसे अधिकारियों के लंबे समय से लंबित महत्वपूर्ण वित्तीय लाभ के रूप में देखा जा रहा है। संगठन को उम्मीद है कि भविष्य में भी अधिकारियों के हितों से जुड़े अन्य मुद्दों का समयबद्ध समाधान किया जाएगा।








