छत्तीसगढ़

"दिनदहाड़े 5 लाख पर हाथ साफ! कारोबारी की कार का शीशा तोड़कर कैश लेकर फरार हुए बदमाश"

दुर्ग। जिले में दिनदहाड़े हुई चोरी की एक बड़ी वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलगांव थाना क्षेत्र में बदमाशों ने एक कारोबारी की कार का शीशा तोड़कर उसमें रखा 4 लाख 90 हजार रुपये नकद से भरा बैग चोरी कर लिया। हैरानी की बात यह है कि पूरी वारदात महज कुछ मिनटों में अंजाम दी गई और आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस को संदेह है कि बदमाश कारोबारी का घर से ही पीछा कर रहे थे और उनकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थे।

Bharti college
स्पर्स

मिली जानकारी के अनुसार, मुक्त नगर निवासी प्रमोद महेश्वरी की कोडहा में 'देव एग्रो इंडस्ट्रीज' नाम से फैक्ट्री संचालित होती है। मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे वे अपने घर से 4 लाख 90 हजार रुपये नकद लेकर स्विफ्ट कार से निकले थे। नकदी एक काले रंग के बैग में रखी गई थी, जिस पर 'जयश्री साल्वेंट्स' लिखा हुआ था। यह रकम उन्हें एक कारोबारी भुगतान के लिए पहुंचानी थी।

मुकेश
Sarada

बताया जा रहा है कि सुबह करीब 9 बजे प्रमोद महेश्वरी ने अपनी कार पोटिया रोड स्थित उत्सव शोरूम के सामने खड़ी कर उसे लॉक किया और दूसरी बाइक से नया पारा स्थित एक कारोबारी मित्र की दुकान चले गए। वहां से वे इंदिरा मार्केट पहुंचे और चाय पीने के लिए कुछ देर रुके। इसी दौरान बदमाशों ने मौके का फायदा उठाते हुए कार के बाईं ओर के अगले शीशे को तोड़ दिया और कार के अंदर रखा नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए।

खाटू श्याम
Rungta

कुछ देर बाद उत्सव शोरूम के संचालक अमरजीत सिंह ने प्रमोद महेश्वरी को फोन कर सूचना दी कि उनकी कार का शीशा टूटा हुआ है। सूचना मिलते ही वे तत्काल मौके पर पहुंचे। कार की जांच करने पर नकदी से भरा बैग गायब मिला, जिसके बाद उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत पुलगांव थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू की। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर एक संदिग्ध बाइक सवार नजर आया है। पुलिस उसकी पहचान करने और उसकी गतिविधियों की जांच में जुटी हुई है।

अलताब
शमशेर

प्रारंभिक जांच में पुलिस को यह आशंका है कि आरोपियों को पहले से ही इस बात की जानकारी थी कि कारोबारी बड़ी रकम लेकर निकले हैं। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं किसी ने उनकी गतिविधियों की सूचना बदमाशों तक तो नहीं पहुंचाई थी। घर से ही पीछा किए जाने की संभावना को भी गंभीरता से लिया जा रहा है।

दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि शहर में सक्रिय शातिर बदमाश बड़ी रकम लेकर चलने वाले लोगों को अपना आसान निशाना बना रहे हैं। पुलगांव थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनकी तलाश तेज कर दी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा किया जाएगा।