दुर्ग पुलिस में बड़ा फेरबदल: 7 निरीक्षकों के तबादले, सुपेला-जामुल समेत 4 थानों को मिले नए प्रभारी
दुर्ग जिले की पुलिस व्यवस्था में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। पुलिस मुख्यालय रायपुर के आदेश और पुलिस स्थापना बोर्ड के निर्णय के बाद जिले में पदस्थ सात निरीक्षकों का अन्य जिलों में स्थानांतरण किया गया है। इसके साथ ही जिन थानों के प्रभारी स्थानांतरित हुए हैं, वहां उप निरीक्षक और सहायक उप निरीक्षकों को अस्थायी रूप से थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं रक्षित केंद्र में पदस्थ दो निरीक्षकों को उतई और खुर्सीपार थाने की कमान सौंपी गई है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय दुर्ग द्वारा जारी आदेश के अनुसार सभी स्थानांतरित निरीक्षकों को आदेश जारी होने की तिथि के अपराह्न से वर्तमान पदस्थापना स्थल से कार्यमुक्त कर नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय के निर्देशों के पालन में की गई है।
इन निरीक्षकों का हुआ स्थानांतरण
आदेश के अनुसार निरीक्षक अम्बर सिंह भारद्वाज को थाना सुपेला से जिला कांकेर भेजा गया है। निरीक्षक रामेन्द्र कुमार सिंह को थाना जामुल से जिला कोंडागांव स्थानांतरित किया गया है। यातायात शाखा में पदस्थ निरीक्षक मनीष शर्मा को जिला दंतेवाड़ा भेजा गया है। थाना उतई के निरीक्षक राजेश कुमार साहू को जिला सुकमा स्थानांतरित किया गया है।
इसी तरह थाना अंडा की निरीक्षक श्रद्धा पाठक और थाना बोरी की निरीक्षक वंदिता पानिकर को जिला कोंडागांव भेजा गया है। वहीं थाना खुर्सीपार के निरीक्षक आनंद शुक्ला का स्थानांतरण जिला बीजापुर किया गया है।
चार थानों को मिले नए प्रभारी
निरीक्षकों के स्थानांतरण के बाद जिले के चार प्रमुख थानों में नए प्रभारियों की नियुक्ति की गई है। आगामी आदेश तक उप निरीक्षक पारस सिंह ठाकुर को थाना सुपेला का प्रभारी बनाया गया है। उप निरीक्षक सौमित्री भोई को थाना जामुल की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सहायक उप निरीक्षक राजेश कुमार साहू को थाना अंडा का प्रभारी बनाया गया है, जबकि सहायक उप निरीक्षक तान सिंह को थाना बोरी की कमान सौंपी गई है।
दो निरीक्षकों को नई जिम्मेदारी
प्रशासनिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए रक्षित केंद्र दुर्ग में पदस्थ निरीक्षक मोहन भारद्वाज को थाना प्रभारी उतई नियुक्त किया गया है। वहीं निरीक्षक लक्ष्मण केंवट को रक्षित केंद्र से स्थानांतरित कर थाना प्रभारी खुर्सीपार बनाया गया है। दोनों अधिकारियों को अगले आदेश तक संबंधित थानों में कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं।
कानून व्यवस्था को और मजबूत करने की कवायद
पुलिस विभाग का मानना है कि यह प्रशासनिक फेरबदल जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में किया गया है। दुर्ग प्रदेश के सबसे महत्वपूर्ण औद्योगिक और शहरी जिलों में शामिल है, जहां अपराध नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और संवेदनशील क्षेत्रों में प्रभावी पुलिसिंग बड़ी चुनौती रहती है। ऐसे में अनुभवी अधिकारियों की नई तैनाती से थाना स्तर पर पुलिस व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार नए थाना प्रभारियों के सामने अपराधों पर नियंत्रण, लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण, आमजन से बेहतर संवाद स्थापित करने और क्षेत्र में कानून व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी। वहीं स्थानांतरित अधिकारियों को भी उनके नए जिलों में तत्काल कार्यभार संभालने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।








