शांतिनगर के एमजीएम पब्लिक स्कूल में गरिमामय अलंकरण समारोह, छात्र परिषद ने ली नेतृत्व की शपथ
भिलाई। शांतिनगर स्थित एमजीएम पब्लिक स्कूल में शनिवार को अलंकरण एवं छात्र परिषद शपथ ग्रहण समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नवगठित छात्र परिषद के पदाधिकारियों को बैज, सैश और हाउस फ्लैग प्रदान कर विद्यालय के नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंपी गई। समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, जिम्मेदारी और सेवा भावना का विकास करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि समाजसेवी एवं भिलाई नगर के उपाध्यक्ष श्री जोगा राव, शाला प्राचार्या श्रीमती एन.सी. वर्गिस, शाला के उपाध्यक्ष फादर सुबीन डेनियल, विशप के सचिव फादर जायल मैथ्यू तथा सेंट थॉमस प्रेस के मैनेजर फादर लिबिन विनोज कोशी द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद स्वागत गीत की प्रस्तुति दी गई और प्राचार्या ने स्वागत भाषण में विद्यार्थियों को नेतृत्व के मूल्यों और जिम्मेदारियों से अवगत कराया।
मुख्य अतिथि ने विद्यालय की हेड गर्ल आरफा नाज़ और हेड बॉय प्रतीक ठाकुर को स्कूल फ्लैग प्रदान किया। इसके साथ ही सभी छात्र पदाधिकारियों को हाउस फ्लैग, बैज और सैश पहनाकर उनके दायित्वों का औपचारिक रूप से हस्तांतरण किया गया। हेड गर्ल, हेड बॉय तथा छात्र परिषद के सभी सदस्यों ने विद्यालय के अनुशासन, सम्मान और मूल्यों की रक्षा करते हुए अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने की शपथ ली।
समारोह के दौरान वर्ष 2025 की छात्र परिषद के सदस्यों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि ने उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय में छात्र नेतृत्व केवल पद प्राप्त करने का अवसर नहीं, बल्कि जिम्मेदारी निभाने और दूसरों के लिए प्रेरणा बनने का माध्यम है।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह को और भी आकर्षक बना दिया। कक्षा पांचवीं की छात्रा सिद्रा खान ने प्रभावशाली भाषण देकर सभी का ध्यान आकर्षित किया। वहीं कक्षा आठवीं के विद्यार्थियों ने प्रेरक समूह गीत प्रस्तुत किया और कक्षा चौथी के विद्यार्थियों ने रंगारंग नृत्य की प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों की खूब तालियां बटोरीं।
कार्यक्रम के अंत में शिक्षिका एवं कार्यक्रम समन्वयक मोनिका सहदेव ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। एमजीएम एंथम और राष्ट्रगान के साथ समारोह का गरिमापूर्ण समापन हुआ। पूरे आयोजन में विद्यालय परिवार, अभिभावकों और विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली।








