भिलाई पब्लिक स्कूल
छत्तीसगढ़

भिलाई में प्रॉपर्टी डीलर पर जानलेवा हमला, महादेव ऐप से जुड़े सौरभ चंद्राकर के भांजे समेत 3 पर हत्या की कोशिश का केस

भिलाई शहर में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप से जुड़े बताए जा रहे सौरभ चंद्राकर के भांजे प्रखर चंद्राकर सहित तीन युवकों पर एक प्रॉपर्टी डीलर की हत्या की कोशिश करने का आरोप लगा है। हमले में गंभीर रूप से घायल प्रॉपर्टी डीलर का अस्पताल के आईसीयू में इलाज चल रहा है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उनकी तलाश तेज कर दी है।

Bharti college
स्पर्स

जानकारी के अनुसार, रिसाली निवासी प्रॉपर्टी डीलर योगेश सूर्यवंशी (32) 2 जुलाई की रात करीब 11:30 बजे सेक्टर-6 स्थित पेट्रोल पंप से अपनी बाइक में पेट्रोल भरवाकर घर लौट रहे थे। जैसे ही वह डीपीएस चौक स्थित हनुमान मंदिर के पास पहुंचे, पीछे से पल्सर बाइक पर सवार तीन युवकों ने उनका पीछा करते हुए हमला कर दिया।

मुकेश
Sarada

पीड़ित के मुताबिक, आरोपियों ने पहले बेसबॉल बैट से उनके सिर पर जोरदार वार किया, जिससे उनका संतुलन बिगड़ गया। किसी तरह उन्होंने बाइक संभालकर आगे बढ़ने की कोशिश की, लेकिन हमलावर लगातार पीछा करते रहे। आरोप है कि आरोपियों ने बाइक के पहिए में डंडा फंसा दिया, जिससे योगेश सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद तीनों ने उन्हें घेर लिया और धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

खाटू श्याम
Ad

शिकायत के अनुसार, हरीश यादव ने उनकी गर्दन के पास चाकू से कई वार किए, जबकि अमन मूर्ति ने भी चाकू से हमला किया। वहीं प्रखर चंद्राकर पर आरोप है कि उसने कटर और बटनदार चाकू से दोनों पैरों पर 8 से 10 वार किए। गंभीर रूप से घायल योगेश लहूलुहान हालत में सड़क पर गिर पड़े। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद तीनों आरोपी वहां से फरार हो गए।

स्थानीय लोगों ने घायल योगेश को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें शंकराचार्य अस्पताल रेफर किया गया। फिलहाल उनकी हालत गंभीर बनी हुई है और उनका आईसीयू में उपचार जारी है। पीड़ित का आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते उनकी हत्या की नीयत से यह हमला किया गया।

अलताब
शमशेर

मामले में सबसे पहले नेवई थाना में जीरो पर एफआईआर दर्ज की गई। घटना का क्षेत्राधिकार भिलाई नगर थाना होने के कारण बाद में प्रकरण वहां स्थानांतरित कर दिया गया। पुलिस ने प्रखर चंद्राकर, हरीश यादव और अमन मूर्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109 तथा 3(5) के तहत हत्या की कोशिश का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, प्रखर चंद्राकर का नाम इससे पहले भी कई विवादित मामलों में सामने आ चुका है। रायपुर के तेलीबांधा स्थित एक क्लब में मारपीट के मामले में भी उसका नाम चर्चा में आया था। इसके अलावा भिलाई के सुपेला थाना क्षेत्र में जन्मदिन पार्टी के बाद हुई मारपीट के एक मामले में भी उसकी गिरफ्तारी हो चुकी है, जिसमें एक युवक पर डंडे से हमला करने का आरोप था।

जांच एजेंसियों के अनुसार, प्रखर चंद्राकर का नाम ऑनलाइन सट्टेबाजी गतिविधियों से भी जुड़ चुका है। पूर्व की जांच में उसके मोबाइल से संदिग्ध लेनदेन और ऑनलाइन सट्टेबाजी से जुड़े ऐप्स के उपयोग के संकेत मिले थे। पुलिस ने उस समय करीब 60 लाख रुपये के संदिग्ध ट्रांजैक्शन का पता लगाया था। साथ ही म्यूल बैंक खातों के जरिए सट्टे की रकम के लेनदेन के सुराग भी मिले थे। जांच के दौरान एक कार और कई मोबाइल फोन भी जब्त किए गए थे।

फिलहाल पुलिस इस हमले के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। वहीं घायल प्रॉपर्टी डीलर की हालत पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं।