दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में जन्मदिन की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब शिवनाथ नदी में नहाने गए दो नाबालिग बच्चे तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गए।
इस दर्दनाक हादसे में एक बच्चे का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि दूसरे बच्चे की तलाश देर रात तक जारी रही। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
यह हादसा गनियारी-पिपरछड़ी गांव के पास स्थित शिवनाथ नदी में हुआ। जानकारी के अनुसार, जन्मदिन के मौके पर आठ दोस्तों का एक समूह नदी किनारे पहुंचा था। सभी बच्चे नदी में नहाने और मौज-मस्ती कर रहे थे। इसी दौरान दो बच्चे नदी के गहरे हिस्से और तेज बहाव की चपेट में आ गए। देखते ही देखते दोनों बच्चे पानी में बहने लगे। साथ मौजूद बच्चों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन नदी का बहाव इतना तेज था कि वे कुछ नहीं कर सके।
घटना के बाद वहां मौजूद बच्चों में अफरा-तफरी मच गई। उन्होंने तत्काल आसपास के ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस व प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया। बच्चों की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम को भी मौके पर बुलाया गया।
एसडीआरएफ के गोताखोरों ने नदी में डीप डाइविंग कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद टीम ने 14 वर्षीय रेहान का शव नदी से बरामद कर लिया। मासूम बेटे का शव देखते ही परिजनों का दुख छलक पड़ा और मौके पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। वहीं, दूसरे बच्चे का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। रेस्क्यू टीम लगातार नदी के अलग-अलग हिस्सों में तलाश अभियान चला रही है।
पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं और पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं। नदी में तेज बहाव और अधिक गहराई के कारण बचाव कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद एसडीआरएफ की टीम लगातार दूसरे बच्चे की तलाश में जुटी हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि गर्मी और छुट्टियों के दौरान बड़ी संख्या में बच्चे और युवक शिवनाथ नदी में नहाने के लिए पहुंचते हैं। कई स्थानों पर नदी काफी गहरी है और बरसात के मौसम में इसका बहाव भी तेज हो जाता है। बावजूद इसके, सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से इस तरह की घटनाएं सामने आती रहती हैं।
इस हृदयविदारक हादसे ने एक बार फिर नदी और जलाशयों में सुरक्षा उपायों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जन्मदिन के जश्न में शामिल होने निकले दो परिवारों पर अचानक दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और लोग पीड़ित परिवारों को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं। वहीं, प्रशासन ने लोगों से नदी और अन्य जलाशयों में नहाते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।








