"कारगिल के अमर शहीद कौशल यादव को राष्ट्र का नमन: 27वीं पुण्यतिथि पर हुड़को शहीद स्मारक में उमड़ा जनसैलाब, सत्ता-विपक्ष ने एक मंच से दी श्रद्धांजलि"
भिलाई। कारगिल युद्ध में अदम्य साहस और वीरता का परिचय देते हुए मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर चक्र से सम्मानित शहीद कौशल यादव की 27वीं पुण्यतिथि पर शनिवार को हुड़को स्थित शहीद कौशल यादव स्मारक परिसर में भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर देशभक्ति, शौर्य और राष्ट्रीय एकता का अनुपम दृश्य देखने को मिला। हजारों की संख्या में पूर्व सैनिक, एनसीसी कैडेट्स, स्कूली छात्र-छात्राएं एवं आम नागरिक शहीद को श्रद्धासुमन अर्पित करने पहुंचे।
श्रद्धांजलि सभा की शुरुआत शहीद कौशल यादव के चित्र एवं स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद शालेय छात्रों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत गीतों की मनमोहक प्रस्तुति देकर उपस्थित जनसमूह को भाव-विभोर कर दिया। पूरे परिसर में "भारत माता की जय" और "वंदे मातरम्" के जयघोष गूंजते रहे, जिसने कार्यक्रम को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया।
कार्यक्रम में शहीद कौशल यादव की माता श्रीमती धनवंता देवी और धर्मपत्नी श्रीमती निशा यादव की गरिमामयी उपस्थिति विशेष आकर्षण का केंद्र रही। उपस्थित जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने उनके प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए शहीद के अद्वितीय बलिदान को नमन किया।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन, भिलाई नगर निगम के महापौर नीरज पाल, दुर्ग पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल, पूर्व विधायक बदरुद्दीन कुरैशी, छत्तीसगढ़ हथकरघा संघ के अध्यक्ष राकेश पांडे, भिलाई नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर, भिलाई भाजपा अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन, बीएसपी ऑफिसर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष नरेंद्र बनछोर, पूर्व महापौर नीता लोधी, धर्मेंद्र यादव, छत्तीसगढ़ आर्मी फाउंडेशन के अध्यक्ष हरप्रीत सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इसके अलावा नमिता हांडा, जावेद खान, रामबचन यादव, आर.बी.के. राव, अरुण अग्रवाल, एस. संजीव, पवन निषाद, मधु यादव, मनसीब गुलाटी, पी. श्रीनिवास, प्रतीक यादव, वाई.के. सिंह, महेंद्र यादव, शशिकला यादव, प्रतीक भोई एवं परविंदर ग्रेवाल समेत शहर के अनेक गणमान्य नागरिकों ने शहीद कौशल यादव को श्रद्धांजलि अर्पित की।
वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि कारगिल युद्ध में शहीद कौशल यादव ने जिस वीरता और राष्ट्रभक्ति का परिचय दिया, वह देश के युवाओं के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि शहीद कभी मरते नहीं, बल्कि राष्ट्र की चेतना में सदैव जीवित रहते हैं। देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले वीर जवानों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है और ऐसे आयोजन नई पीढ़ी में देशप्रेम की भावना को मजबूत करते हैं।
श्रद्धांजलि सभा में हजारों लोगों की सहभागिता ने यह संदेश दिया कि शहीद कौशल यादव का बलिदान केवल उनके परिवार का नहीं, बल्कि पूरे देश का गौरव है। कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों और एनसीसी कैडेट्स की उपस्थिति ने युवाओं में राष्ट्रसेवा के प्रति उत्साह का संचार किया।
कार्यक्रम के अंत में शहीद कौशल स्मारक समिति की ओर से भिलाई नगर निगम के पार्षद एवं राजस्व प्रभारी सीजू एन्थोनी ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, पूर्व सैनिकों, विद्यार्थियों और नागरिकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शहीद कौशल यादव का बलिदान आने वाली पीढ़ियों को सदैव राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देता रहेगा। शहीदों की स्मृतियों को संजोकर रखना और उनके आदर्शों को समाज तक पहुंचाना हम सभी का नैतिक और राष्ट्रीय दायित्व है।
शहीद कौशल यादव की 27वीं पुण्यतिथि पर आयोजित यह श्रद्धांजलि सभा न केवल उनके अद्वितीय बलिदान को याद करने का अवसर बनी, बल्कि राष्ट्र के प्रति समर्पण और एकता का भी सशक्त संदेश देकर संपन्न हुई।








