शिक्षा नहीं रुकेगी: यूथ सिख सेवा समिति भिलाई ने जरूरतमंद बेटी की फीस भरकर दिया नया सहारा
भिलाई। यूथ सिख सेवा समिति भिलाई द्वारा शिक्षा सहायता अभियान के अंतर्गत एक बार फिर मानवता और समाज सेवा की मिसाल पेश की गई। समिति के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह छोटू की पहल पर एक जरूरतमंद बेटी की शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की गई, जिससे उसकी पढ़ाई जारी रह सके।
शिक्षा सहायता के लिए प्राप्त आवेदनों के सत्यापन के दौरान समिति को जानकारी मिली कि सेक्टर-7 स्थित बीएसपी के किराए के मकान में एक मां और उनकी बेटी निवास कर रही हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति काफी कमजोर है। बेटी के पिता का निधन हो चुका है, जिसके बाद से परिवार की पूरी जिम्मेदारी मां पर आ गई है।
मां घरों में खाना बनाकर किसी तरह परिवार का पालन-पोषण कर रही हैं। बेटी ने हाल ही में 12वीं की परीक्षा दी है और आगे पढ़ाई जारी रखना चाहती है, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण विद्यालय की फीस जमा करना मुश्किल हो रहा था।
समिति द्वारा मामले की जानकारी लेने के बाद एमजीएम विद्यालय से संपर्क किया गया, जहां विद्यालय प्रबंधन ने संवेदनशीलता दिखाते हुए छात्रा की फीस में 50 प्रतिशत की छूट प्रदान की। इसके बाद शेष बची राशि ₹16,120 का चेक यूथ सिख सेवा समिति भिलाई के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह छोटू एवं उनकी टीम द्वारा छात्रा को प्रदान किया गया।
इस अवसर पर अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह छोटू ने कहा कि समिति का उद्देश्य जरूरतमंद और प्रतिभावान बच्चों की शिक्षा को किसी भी हालत में रुकने नहीं देना है। समाज के सहयोग से ऐसे बच्चों को आगे बढ़ाने का प्रयास लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है जिससे गरीब और जरूरतमंद परिवारों के बच्चों का भविष्य उज्ज्वल बनाया जा सकता है।
समिति के सदस्यों ने भी कहा कि आगे भी इसी तरह जरूरतमंद विद्यार्थियों की मदद की जाती रहेगी, ताकि कोई भी बच्चा आर्थिक अभाव के कारण पढ़ाई से वंचित न हो। इस सराहनीय पहल की स्थानीय लोगों ने भी प्रशंसा की और समिति के प्रयासों को प्रेरणादायक बताया।










