मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में विधायक दीपेश साहू लेंगे सात फेरे, VIP संस्कृति छोड़ पेश करेंगे नई मिसाल
बेमेतरा। छत्तीसगढ़ शासन की मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना को जन-जन तक पहुंचाने और समाज में सादगीपूर्ण विवाह को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बेमेतरा विधायक दीपेश साहू ने एक अनूठा और प्रेरणादायक फैसला लिया है।
विधायक स्वयं इसी शासकीय योजना के तहत आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में विवाह बंधन में बंधने जा रहे हैं। उनके इस निर्णय की जिले सहित पूरे प्रदेश में व्यापक चर्चा हो रही है और लोग इसे जनप्रतिनिधियों के लिए एक अनुकरणीय पहल बता रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, 31 मई को बेमेतरा नगर के ऐतिहासिक बेसिक स्कूल मैदान में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत विशाल सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में विधायक दीपेश साहू सहित कुल 24 जोड़े वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह सूत्र में बंधेंगे।
माना जा रहा है कि छत्तीसगढ़ के इतिहास में यह पहला अवसर होगा, जब कोई मौजूदा विधायक वीआईपी संस्कृति से अलग हटकर आम नागरिकों के साथ सामूहिक विवाह कार्यक्रम में शामिल होकर शादी करेगा।
विधायक दीपेश साहू के इस फैसले को सामाजिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आधुनिक दौर में विवाह समारोहों में बढ़ती फिजूलखर्ची और दिखावे की प्रवृत्ति के बीच उनका यह कदम सादगी, सामाजिक समानता और सकारात्मक संदेश देने वाला माना जा रहा है। साथ ही यह पहल आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को भी प्रेरित करेगी कि वे बिना किसी संकोच के शासन की योजनाओं का लाभ उठाएं।
राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों से भी इस निर्णय की सराहना की जा रही है। लोगों का कहना है कि जब जनप्रतिनिधि स्वयं शासकीय योजनाओं का हिस्सा बनते हैं, तब समाज में उन योजनाओं के प्रति विश्वास और जागरूकता दोनों बढ़ती हैं। इससे जरूरतमंद परिवारों का संकोच दूर होगा और वे सम्मानपूर्वक मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना का लाभ लेने के लिए आगे आएंगे।
इस संबंध में विधायक दीपेश साहू ने कहा कि शासकीय योजनाएं तभी वास्तविक रूप से सफल होती हैं, जब जनप्रतिनिधि स्वयं आगे बढ़कर उनका हिस्सा बनें और समाज के सामने उदाहरण प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य केवल विवाह करना नहीं, बल्कि समाज को सादगी, समानता और सरकारी योजनाओं के प्रति विश्वास का संदेश देना है।










