BSP में एक करोड़ की चोरी! फ्लाई ऐश के नीचे छिपाकर 250 टन लोहा पार, अंदरूनी मिलीभगत का शक
भिलाई। दुर्ग जिले स्थित भिलाई स्टील प्लांट (BSP) में करोड़ों रुपये के लोहे की चोरी का बड़ा मामला सामने आया है। प्लांट से करीब 250 टन लोहे की चोरी होने का खुलासा हुआ है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 1 करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हथखोज और अकलोरडीह इलाके के एक गोदाम से भारी मात्रा में चोरी का लोहा जब्त किया है। मामला भिलाई-3 थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, चोरी को बेहद सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया जा रहा था। आरोप है कि फ्लाई ऐश के नीचे लोहे की प्लेटें और स्क्रैप छिपाकर ट्रकों के जरिए प्लांट से बाहर निकाला जा रहा था, ताकि किसी को शक न हो। हैरानी की बात यह है कि भिलाई स्टील प्लांट की सुरक्षा CISF के जिम्मे है और पूरे परिसर में सैकड़ों CCTV कैमरे लगे हुए हैं। इसके बावजूद इतनी बड़ी मात्रा में लोहा बाहर निकल जाना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
पुलिस को पिछले कुछ समय से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि BSP से लोहे की प्लेटें और स्क्रैप चोरी कर बाहर सप्लाई किया जा रहा है। शिकायतों के आधार पर पुलिस ने निगरानी बढ़ाई और संदिग्ध वाहनों पर नजर रखनी शुरू की।
बताया जा रहा है कि 27 मई को पुलिस टीम ने प्लांट से निकल रहे कुछ संदिग्ध ट्रकों और हाईवा वाहनों का पीछा किया। पीछा करते हुए पुलिस हथखोज स्थित एक गोदाम तक पहुंची। जैसे ही ट्रक गोदाम के अंदर पहुंचे, पुलिस ने चारों तरफ से घेराबंदी कर दी।
छावनी CSP प्रशांत कुमार पैकरा और भिलाई-3 थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर मौजूद लोगों से जब्त लोहे से संबंधित दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने पूरे गोदाम और यार्ड की तलाशी ली, जहां भारी मात्रा में लोहा बरामद हुआ।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को अंदरूनी मिलीभगत की आशंका है। अधिकारियों का कहना है कि BSP जैसी हाई सिक्योरिटी वाली जगह से इतनी बड़ी मात्रा में लोहा बिना किसी कर्मचारी या अंदरूनी नेटवर्क की मदद के बाहर निकालना संभव नहीं है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि चोरी के इस नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं।
इस घटना के सामने आने के बाद BSP की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी तंत्र पर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस जल्द ही इस मामले में और खुलासे कर सकती है।










