पद्म भूषण हरिशंकर सिंघानिया की 93वीं जयंती पर जेके लक्ष्मी सीमेंट दुर्ग में 489 लोगों ने किया रक्तदान
दुर्ग। जेके लक्ष्मी सीमेंट दुर्ग द्वारा जेके ऑर्गनाइजेशन के पूर्व अध्यक्ष एवं पद्म भूषण स्वर्गीय हरिशंकर सिंघानिया की 93वीं जयंती के अवसर पर विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंद मरीजों तक समय पर रक्त पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में कुल 489 लोगों ने रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।
रक्तदान शिविर का आयोजन जेके लक्ष्मी सीमेंट दुर्ग के संयंत्र प्रमुख राजपाल सिंह शेखावत के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्वर्गीय हरिशंकर सिंघानिया के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान उपस्थित लोगों ने उनके सामाजिक सरोकारों और सेवा भावना को याद करते हुए रक्तदान को जीवनदान का सबसे बड़ा माध्यम बताया।
शिविर में जेके लक्ष्मी सीमेंट संयंत्र में कार्यरत कर्मचारियों के साथ-साथ विभिन्न ठेका कंपनियों में कार्यरत श्रमिकों तथा आसपास के गांवों के ग्रामीणों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। बड़ी संख्या में लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर जरूरतमंदों के लिए रक्त उपलब्ध कराने में अपनी भागीदारी निभाई।
इस अवसर पर संयंत्र प्रमुख राजपाल सिंह शेखावत ने कहा कि पद्म भूषण हरिशंकर सिंघानिया केवल एक सफल उद्योगपति ही नहीं, बल्कि समाज सेवा के प्रति समर्पित व्यक्तित्व थे। उन्होंने हमेशा समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों की सहायता को प्राथमिकता दी। उनके इसी सेवा भाव और योगदान के कारण उन्हें पद्म भूषण सम्मान से अलंकृत किया गया। उन्होंने बताया कि हरिशंकर सिंघानिया की जयंती पर देशभर में जेके ऑर्गनाइजेशन द्वारा रक्तदान शिविर आयोजित किए जाते हैं, ताकि जरूरत के समय किसी मरीज को रक्त की कमी का सामना न करना पड़े।
जेके लक्ष्मी सीमेंट दुर्ग के मानव संसाधन विभाग प्रमुख मनीष तिवारी ने बताया कि दुर्ग संयंत्र में पिछले 11 वर्षों के दौरान लगभग 6 हजार यूनिट रक्तदान किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि संयंत्र द्वारा लगातार सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्य किए जा रहे हैं और रक्तदान के क्षेत्र में किए गए प्रयासों के लिए दुर्ग प्लांट को हाल ही में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल द्वारा प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किया गया है।
रक्तदान शिविर में अहिवारा नगर पालिका अध्यक्ष विद्यानंद कुशवाहा सहित अन्य पार्षदों ने भी उपस्थिति दर्ज कराई और रक्तदान अभियान की सराहना की। उन्होंने कहा कि रक्तदान जैसे आयोजन समाज में सेवा, संवेदना और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं।
शिविर के सफल संचालन में रेड क्रॉस सोसाइटी रायपुर, बिलासा ब्लड बैंक, बालाजी ब्लड बैंक तथा जेके लक्ष्मी सीमेंट के ऑक्यूपेशनल हेल्थ सेंटर की संयुक्त प्रशिक्षित टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। स्वास्थ्य विशेषज्ञों की देखरेख में रक्तदाताओं की जांच कर सुरक्षित तरीके से रक्त संग्रह किया गया।
इस अवसर पर संयंत्र प्रमुख राजपाल सिंह शेखावत, मानव संसाधन विभाग प्रमुख मनीष तिवारी, ऑक्यूपेशनल हेल्थ सेंटर के डॉ. अमित यादव, संयंत्र के विभाग प्रमुख, कर्मचारी, श्रमिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।












