भिलाई। सेक्टर-6 स्थित स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय में शनिवार को शाला प्रवेशोत्सव एवं छात्र हितैषी योजनाओं के अंतर्गत सामग्री वितरण कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया।
कार्यक्रम में चयनित विद्यार्थियों को राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के तहत कॉपी, पुस्तकें, स्कूल यूनिफॉर्म एवं साइकिलों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों और पालकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से शाला विकास समिति के अध्यक्ष रजनीकांत पांडे, भाजपा आर्थिक प्रकोष्ठ के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अशोक द्विवेदी एवं भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कन्हैया सोनी उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों को सामग्री वितरित करते हुए उन्हें मन लगाकर अध्ययन करने तथा जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज के विकास की आधारशिला है और सरकार का उद्देश्य है कि आर्थिक स्थिति किसी भी बच्चे की पढ़ाई में बाधा न बने। विद्यार्थियों को समय पर आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराने से उनमें आत्मविश्वास बढ़ता है और वे बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित होते हैं।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती दलजीत कोरड़ा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय की गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शाला प्रवेशोत्सव का उद्देश्य अधिक से अधिक बच्चों को विद्यालय से जोड़ना तथा उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम में शाला विकास समिति के सदस्य, शिक्षकगण, पालक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें शिक्षा के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया। विद्यालय परिवार ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।








