भिलाई। भारतीय जनता पार्टी ओबीसी मोर्चा द्वारा 28 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाले संभाग स्तरीय सम्मेलन की तैयारियों को लेकर जिला कार्यालय भिलाई में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन ने की, जबकि कार्यक्रम प्रभारी वीरेंद्र सोनी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में सम्मेलन की रूपरेखा, संगठनात्मक तैयारियों, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों एवं कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य (ओबीसी मोर्चा) कन्हैया सोनी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि ओबीसी मोर्चा का यह सम्मेलन संगठन की मजबूती और समाज के विभिन्न वर्गों तक भाजपा की नीतियों एवं योजनाओं को पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कन्हैया सोनी ने कहा कि सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ जुटना होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सदैव पिछड़ा वर्ग के उत्थान एवं उनके हितों के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध रही है और यह सम्मेलन समाज के साथ संवाद स्थापित करने का एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा।
बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने, अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं एवं समाज के प्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा सम्मेलन की सभी व्यवस्थाओं को समय पर पूर्ण करने का संकल्प लिया।
बैठक के दौरान संगठनात्मक विषयों पर भी चर्चा की गई तथा उपस्थित पदाधिकारियों ने 28 जुलाई को होने वाले संभाग स्तरीय सम्मेलन को भव्य एवं सफल बनाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इस अवसर पर भाजपा ओबीसी मोर्चा एवं संगठन के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिन्होंने सम्मेलन की सफलता के लिए अपने सुझाव भी प्रस्तुत किए।








