भाजपा ने कन्हैया सोनी को सौंपी धमतरी की जिम्मेदारी, ओबीसी मोर्चा में संगठन ने जताया बड़ा भरोसा
भिलाई। भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक विस्तार और ओबीसी वर्ग के बीच जनसंपर्क को और सशक्त बनाने की दिशा में पार्टी नेतृत्व ने भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य (ओबीसी मोर्चा) कन्हैया सोनी को भाजपा ओबीसी मोर्चा का धमतरी जिला प्रभारी नियुक्त किया है। इस नियुक्ति को संगठन द्वारा उनके प्रति जताए गए विश्वास और उनकी सक्रिय कार्यशैली की मान्यता के रूप में देखा जा रहा है।
कन्हैया सोनी की नियुक्ति की खबर सामने आते ही भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उन्हें बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में धमतरी जिले में ओबीसी मोर्चा को नई दिशा और गति मिलेगी।
गौरतलब है कि कन्हैया सोनी लंबे समय से भाजपा संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। उन्होंने पार्टी के विभिन्न अभियानों, सामाजिक कार्यक्रमों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर प्रभावी उपस्थिति दर्ज कराई है। संगठनात्मक क्षमता, कार्यकर्ताओं से संवाद और जनसरोकारों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को देखते हुए पार्टी ने उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है।
भाजपा नेताओं का कहना है कि कन्हैया सोनी के अनुभव और नेतृत्व का लाभ धमतरी जिले के संगठन को मिलेगा। उनके मार्गदर्शन में ओबीसी मोर्चा न केवल संगठनात्मक रूप से मजबूत होगा, बल्कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
समर्थकों ने उनके सफल एवं गौरवपूर्ण कार्यकाल की कामना करते हुए कहा कि कन्हैया सोनी सदैव कार्यकर्ताओं के बीच रहकर संगठन को मजबूती प्रदान करने का कार्य करते रहे हैं। उनकी नियुक्ति से धमतरी जिले में भाजपा को और अधिक मजबूती मिलने की उम्मीद है।
नियुक्ति के पश्चात कन्हैया सोनी ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व एवं प्रदेश संगठन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका निर्वहन वे पूरी निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ करेंगे। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि धमतरी जिले में ओबीसी मोर्चा को बूथ स्तर तक सक्रिय और सशक्त बनाया जाए तथा पार्टी की विचारधारा और विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाया जाए।








