मैत्री विद्या निकेतन में अलंकरण एवं शपथ ग्रहण समारोह, छात्र नेतृत्व ने संभाली जिम्मेदारियों की कमान
रिसाली। मैत्री विद्या निकेतन सीनियर सेकेंडरी स्कूल, रिसाली में सत्र 2026-27 के लिए अलंकरण एवं शपथ ग्रहण समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि संस्था की अध्यक्षा श्रीमती राजम सुधाकरन रहीं। समारोह का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं "नन्हा वनस्पति" भेंट कर किया गया।
विद्यालय में छात्र नेतृत्व को प्रोत्साहित करने की परंपरा के तहत साक्षात्कार के माध्यम से चयनित छात्र पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया। इस दौरान स्कूल कैप्टन, हाउस कैप्टन एवं डिसिप्लिन कैप्टन को अलंकृत कर उन्हें अपने दायित्वों के प्रति निष्ठा एवं समर्पण की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम में स्कूल हेड बॉय अनिर्बान मुखर्जी (कक्षा 12वीं), हेड गर्ल माही चंद्रा (कक्षा 12वीं), वाइस हेड बॉय गौरव वारिवेय (कक्षा 12वीं) एवं वाइस हेड गर्ल रानी पटेल (कक्षा 11वीं) को मुख्य अतिथियों द्वारा बैज एवं शैश पहनाकर सम्मानित किया गया। विद्यालय की प्रबंधक एवं प्राचार्या डॉ. सजीता थंबी ने सभी पदाधिकारियों को पद की गरिमा बनाए रखने तथा विद्यालय के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की शपथ दिलाई।
उप प्राचार्या डॉ. बीना सजीव ने हाउस कैप्टनों को विद्यालय की विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों में नेतृत्व प्रदान करने का संकल्प दिलाया। वहीं, प्रधान अध्यापिका श्रीमती निशी साजन ने डिसिप्लिन कैप्टनों को विद्यालय में अनुशासन एवं सकारात्मक वातावरण बनाए रखने की शपथ दिलाई।
अपने स्वागत उद्बोधन में डॉ. सजीता थंबी ने कहा कि विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच एवं नेतृत्व क्षमता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि विद्यालय की संस्कृति एवं नियमों का पालन करते हुए विद्यार्थियों को अपने व्यक्तित्व और चरित्र का निर्माण करना चाहिए तथा प्रत्येक गतिविधि में सहभागिता निभाकर विद्यालय के विकास में भागीदार बनना चाहिए।
संस्था के प्रबंधक श्री एस. सजीव ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को शैक्षिक गतिविधियों, समय की पाबंदी और अन्य प्रतियोगिताओं में आदर्श प्रस्तुत करना चाहिए। उन्होंने कहा कि टीम भावना के साथ कार्य करने से ही सफलता का वास्तविक श्रेय सभी को प्राप्त होता है।
प्रबंधक श्री एस. साजन ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यार्थियों को मिले दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, जिम्मेदारी एवं कठिन परिश्रम के साथ करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के जिम्मेदार नागरिक और देश के भावी नेतृत्वकर्ता हैं।
इस अवसर पर स्कूल हेड बॉय अनिर्बान मुखर्जी एवं हेड गर्ल माही चंद्रा ने विद्यालय प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे विद्यालय द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे।
समारोह में संस्था की अध्यक्षा श्रीमती राजम सुधाकरन, प्रबंधक बंधु श्री एस. सजीव एवं श्री एस. साजन, प्रबंधक एवं प्राचार्या डॉ. सजीता थंबी, उप प्राचार्या डॉ. बीना सजीव, प्रधान अध्यापिका श्रीमती निशी साजन सहित समस्त विद्यालय परिवार उपस्थित रहा। कार्यक्रम का सफल संचालन श्रीमती एम. कविता एवं बिंदु रामदास ने किया।








