दुर्ग। भारतीय जनता पार्टी के दुर्ग जिला कार्यालय में सोमवार को भाजपा प्रदेश ओबीसी मोर्चा, दुर्ग संभाग की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी राजनीतिक एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करते हुए बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, ओबीसी समाज के बीच जनसंपर्क बढ़ाने तथा पार्टी की नीतियों और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाने पर व्यापक मंथन किया गया।
बैठक में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य (ओबीसी मोर्चा) कन्हैया सोनी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसका समर्पित संगठन और कार्यकर्ता हैं। आने वाले समय में संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए प्रत्येक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा और सक्रियता के साथ निर्वहन करना होगा। उन्होंने ओबीसी समाज के बीच संगठन की पहुंच बढ़ाने, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने तथा केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में भाजपा दुर्ग जिला अध्यक्ष सुरेन्द्र कौशिक ने संगठन की मजबूती को लेकर विस्तार से मार्गदर्शन देते हुए कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी की विचारधारा का सशक्त प्रतिनिधि है। उन्होंने बूथ समितियों को और सक्रिय बनाने, नियमित जनसंपर्क अभियान चलाने तथा आगामी कार्यक्रमों को पूरी ऊर्जा के साथ सफल बनाने का आह्वान किया।
ओबीसी मोर्चा के प्रदेश महामंत्री उपकार चंद्राकर ने संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए आगामी कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की। वहीं दुर्ग संभाग ओबीसी मोर्चा प्रभारी राजेंद्र जायसवाल ने संभाग स्तर पर चलाए जाने वाले अभियानों, सदस्यता विस्तार, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और सामाजिक समन्वय को लेकर दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में आगामी महीनों में आयोजित होने वाले संगठनात्मक अभियानों, सामाजिक संपर्क कार्यक्रमों, प्रशिक्षण वर्ग, बूथ सशक्तिकरण अभियान एवं विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई। साथ ही सभी जिलों के पदाधिकारियों से उनके क्षेत्रों की संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए उन्हें निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्यों को पूरा करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर ओबीसी मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, दुर्ग संभाग के सभी जिलों के अध्यक्ष, जिला महामंत्री एवं बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक के अंत में संगठन को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने के संकल्प के साथ आगामी कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया गया।








