भाजपा शिक्षा प्रकोष्ठ, जिला भिलाई ने एसएसपी दुर्ग को सौंपा ज्ञापन, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के आसपास पिंक पेट्रोल यूनिट एवं पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग
भिलाई। भाजपा शिक्षा प्रकोष्ठ, जिला भिलाई ने संयोजक श्री विनोद उपाध्याय के नेतृत्व में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी), दुर्ग श्री विजय अग्रवाल से सौजन्य भेंट कर जिले के विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में अध्ययनरत छात्राओं एवं विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के खुलने एवं अवकाश होने के समय विशेष रूप से महिला पुलिस की "पिंक पेट्रोल यूनिट" की नियमित तैनाती तथा सामान्य पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया कि पिंक पेट्रोल यूनिट की प्रभावी उपस्थिति से छात्राओं में सुरक्षा एवं आत्मविश्वास की भावना बढ़ेगी तथा विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के आसपास सक्रिय असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि शहर के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के आसपास कुछ असामाजिक एवं उपद्रवी तत्वों द्वारा छात्राओं के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग, छींटाकशी, पीछा करना तथा छेड़छाड़ जैसी घटनाएं की जाती हैं, जिससे छात्राओं एवं उनके अभिभावकों में भय एवं असुरक्षा का वातावरण निर्मित होता है। भाजपा शिक्षा प्रकोष्ठ, जिला भिलाई ने एसएसपी श्री विजय अग्रवाल से इन घटनाओं पर गंभीरता से संज्ञान लेकर प्रभावी एवं त्वरित कार्रवाई करने का आग्रह किया।
इस अवसर पर झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के सदैव संवाद प्रमुख श्री शारदा गुप्ता ने एसएसपी श्री विजय अग्रवाल की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि उनके दुर्ग जिले में पदभार ग्रहण करने के बाद पुलिस व्यवस्था अधिक चुस्त-दुरुस्त हुई है। प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस की सक्रिय तैनाती, हेलमेट एवं कार में सीट बेल्ट के नियमों का प्रभावी पालन तथा सड़क सुरक्षा के प्रति विशेष जागरूकता के कारण सड़क दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी आई है। इसके लिए उन्होंने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
भाजपा जिला मीडिया पदाधिकारी श्री सुभाष शर्मा ने भिलाई की विभिन्न कॉलोनियों के आवासीय क्षेत्रों में संचालित अवैध रेस्टोरेंटों पर भी नियमानुसार कार्रवाई करने का अनुरोध किया।
एसएसपी श्री विजय अग्रवाल ने भाजपा शिक्षा प्रकोष्ठ, जिला भिलाई के पदाधिकारियों का परिचय प्राप्त करते हुए बताया कि दुर्ग जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों एवं महाविद्यालयों का व्यापक सुरक्षा ऑडिट कराया जा चुका है। सुरक्षा से जुड़े सभी मानकों का परीक्षण किया गया है तथा शिक्षण संस्थानों के आसपास पान-ठेलों एवं नशे से संबंधित अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों एवं अभिभावकों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। किसी भी आपात स्थिति में बच्चों एवं छात्राओं की सहायता के लिए 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) एवं 112 (आपातकालीन सेवा) की सुविधाएं चौबीसों घंटे उपलब्ध हैं।
एसएसपी श्री विजय अग्रवाल ने भाजपा शिक्षा प्रकोष्ठ, जिला भिलाई को आश्वस्त करते हुए कहा कि विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के खुलने एवं अवकाश होने के समय पिंक पेट्रोल यूनिट की सक्रिय तैनाती तथा पुलिस गश्त को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा, जिससे छात्र-छात्राओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
इस आश्वासन पर भाजपा शिक्षा प्रकोष्ठ, जिला भिलाई के सभी पदाधिकारियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए एसएसपी श्री विजय अग्रवाल का आभार व्यक्त किया।
इस दौरान एसएसपी श्री विजय अग्रवाल ने भाजपा शिक्षा प्रकोष्ठ, जिला भिलाई के सभी पदाधिकारियों से स्लम क्षेत्रों में नशामुक्ति अभियान को जन-आंदोलन बनाने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों को मिलकर बच्चों एवं युवाओं को नशे की प्रवृत्ति से दूर रखने का कार्य करना चाहिए। इस पर भाजपा शिक्षा प्रकोष्ठ, जिला भिलाई के सभी सदस्यों ने पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रमुख रूप से उपस्थित रहे
भाजपा शिक्षा प्रकोष्ठ, जिला भिलाई के संयोजक श्री विनोद उपाध्याय, सहसंयोजक श्री अंबिका प्रसाद द्विवेदी, सुश्री नीता चौरसिया, मीडिया प्रभारी श्री गुरुनाम सिंह, सोशल मीडिया प्रभारी डॉ. मृत्युंजय द्विवेदी, सोशल मीडिया सह प्रभारी श्री राकेश ओझा, आईटी सेल सह प्रभारी श्री बिमलेश्वर पांडेय, मीडिया सह प्रभारी श्री रिकी अग्रवाल, जिला कार्यसमिति सदस्य श्री विवेक यादव, श्री वैभव, श्री संतोष जायसवाल, श्री अफजल अहमद तथा श्री धीरेन्द्र प्रसाद सहित भाजपा शिक्षा प्रकोष्ठ, जिला भिलाई के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।








