इन संपत्तियों की कीमत करीब 8 करोड़ रुपये बताई जा रही है। आरोप है कि सौम्या ने ये संपत्तियां अपनी आय से अधिक साधनों से जुटाईं।

छत्तीसगढ़ पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने मंगलवार को राज्य प्रशासनिक सेवा (एसएएस) की अधिकारी सौम्या चौरसिया की 16 संपत्तियां जब्त कर ली। इन संपत्तियों की कीमत करीब 8 करोड़ रुपये बताई जा रही है। आरोप है कि सौम्या ने ये संपत्तियां अपनी आय से अधिक साधनों से जुटाईं।

चौरसिया 2018 से 2023 तक तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कार्यकाल में मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) में उप सचिव के पद पर कार्यरत थीं। यह राज्य में पहला मामला है, जब किसी अधिकारी की आय से अधिक संपत्ति को ईओडब्ल्यू ने जब्त किया है। 2024 में चौरसिया के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का केस दर्ज किया था।


सौम्या पर क्या हैं आरोप?
न्यायालय की अनुमति के बाद यह कार्रवाई की गई. ईओडब्ल्यू ने बताया कि जांच में सौम्या चौरसिया ने अपने करीबियों के नाम पर 47 करोड़ रुपये मूल्य की 45 अचल संपत्तियां खरीदीं. इससे पहले प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कोयला लेवी और अन्य भ्रष्ट स्रोतों से अर्जित 39 करोड़ रुपये की 29 संपत्तियों को कुर्क कर चुकी है. ईओडब्ल्यू का कहना है कि आगे भी भ्रष्ट अधिकारियों की अनुपातहीन संपत्तियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।



शराब घोटाला मामले में 28 अफसरों को जमानत
वहीं छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाला मामले में 28 आबकारी अधिकारियों को ईओडब्ल्यू कोर्ट से जमानत मिली है. सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत सभी अधिकारी अग्रिम जमानत के कागजात लेकर कोर्ट पहुंचे थे. अदालत ने प्रत्येक अधिकारी को 1-1 लाख रुपये के निजी मुचलके पर जमानत दी।
ईओडब्ल्यू की जांच में 3,200 करोड़ रुपये के शराब घोटाले का खुलासा हुआ है, जिसमें 29 आबकारी अफसरों को आरोपी बनाया गया. इनमें से 7 अधिकारी रिटायर हो चुके हैं, जबकि शेष 22 अधिकारियों को राज्य सरकार ने निलंबित किया है. आरोप है कि इन अधिकारियों ने 2019 से 2023 के बीच लगभग 90 करोड़ रुपये की अवैध वसूली की।
हाईकोर्ट से 18 अगस्त को अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद अधिकारियों ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी. सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई के बाद सभी को शर्तों के साथ राहत दी





































