PM Modi Statement On NEET: देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता बनाए रखना पूरे देश की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने आगे कहा कि जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराया गया है।
देश में प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता एक बार फिर चर्चा में है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाएं केवल लाखों छात्रों की मेहनत पर असर नहीं डालतीं, बल्कि पूरी परीक्षा व्यवस्था पर लोगों के भरोसे को भी कमजोर करती हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि परीक्षा की पवित्रता बनाए रखना केवल सरकार की नहीं, बल्कि सभी संस्थाओं और राज्यों की साझा जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने नीट मामले में तुरंत कार्रवाई की और जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराया गया। पेपर लीक के बाद दोबारा परीक्षा भी कराई गई। प्रधानमंत्री ने इस पूरे मामले को 'घोर पाप' बताया और कहा कि सभी राज्य सरकारों को मिलकर काम करना होगा ताकि आगे कभी पेपर लीक जैसी घटनाएं न हो।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (21 जुलाई 2026) NDA संसदीय दल की बैठक में शामिल हुए। इस बैठक को मंगल मिलन नाम दिया गया है। इस बैठक में पीए मोदी ने एनडीए सांसदों से अपील की कि वे बच्चों को भड़काने के बजाय उन्हें सही रास्ता दिखाएं। यह बात उन्होंने नीट पेपर लीक को लेकर दिल्ली में छात्रों के बड़े विरोध प्रदर्शन के एक दिन बाद कही है
आगे ऐसा ना हो, इसका इंतजाम करेंगे: PM
पीएम ने कहा कि यह सिर्फ केन्द्र सरकार का मामला नहीं है। पेपर लीक के दोषियों को सजा दिलाने के लिए सबको एकजुट होना होगा। उन्होंने कहा कि आगे ऐसा ना हो, इसके लिए इंतजाम करेंगे। पीएम मोदी का ये बयान कॉकरोच जनता पार्टी के संसद मार्च के बाद आया है।
मार्च के दौरान हिंसा की भी घटनाएं सामने आईं, जिसके बाद दिल्ली पुलिस और आरएएफ ने उन पर लाठीचार्ज किया था। जब प्रदर्शनकारी संसद के पास पहुंचे तो वहां आंसू गैस के गोले छोड़े गए और उन्हें वहां से खदेड़ दिया गया।
CJP ने जेपी नड्डा को सौंपी मांगें
कॉकरोच जनता पार्टी की ओर से सीजेपी के सौरव दास और आशुतोष राकां ने स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात की। सूत्रों का कहना है कि दोनों के बीच दो दौर की बातचीत हुई, लेकिन सरकार की ओर से प्रदर्शनकारियों की किसी भी मांग पर कोई आश्वासन नहीं दिया गया। हालांकि, नड्डा ने उनसे धरना खत्म कर सामान्य स्थिति बहाल करने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।








